5 Dariya News

भाजपा चाहती तो हिमाचल प्रदेश को कर्जमुक्त बना सकती थीः सुखविन्द्र सिंह सुक्खू

श्री सुक्खू कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले

5 Dariya News

शिमला 22-Jul-2026

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए भाजपा पर हिमाचल प्रदेश को आर्थिक संकट की ओर धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार चाहती तो हिमाचल प्रदेश को कर्जमुक्त बनाया जा सकता था। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार को जीएसटी प्रतिपूर्ति और आरडीजी के रूप में लगभग 60,000 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। यदि इस राशि में से 48,000 करोड़ रुपये भी राज्य के कर्ज को चुकाने के लिए खर्च किए जाते, तो हिमाचल प्रदेश कर्जमुक्त हो सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस धनराशि का राजनीतिक लाभ के लिए दुरूपयोग किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार को इस राशि की तुलना में लगभग तीन गुना कम, करीब 17,000 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं। इसके बावजूद प्रदेश सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को आर्थिक संकट की ओर धकेलने का श्रेय भाजपा की पूर्व सरकार को जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कोई ठोस प्रयास नहीं किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश राजस्व घाटा अनुदान रोककर राज्य के वैधानिक अधिकारों का हनन किया गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के बावजूद वर्तमान कांग्रेस सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय हिमाचल प्रदेश गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में देश में 21वें स्थान पर पहुंच गया था, जबकि कांग्रेस सरकार के फैसलों के बाद राज्य अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में भी प्रदेश सरकार लगातार सुधार कर रही है। 

उत्तर भारत के किसी अन्य राज्य के सरकारी अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधा उपलब्ध नहीं है, जबकि हिमाचल प्रदेश इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय हिमकेयर योजना में घोटाला हुआ और पुरुषों की बच्चादानी के ऑपरेशन के बिल बनाए गए। 

उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना में करीब 1,000 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ। वर्तमान कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और पिछले साढ़े तीन वर्षों में वर्तमान राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के दौरान बद्दी क्षेत्र में करीब 5,000 बीघा जमीन मात्र एक करोड़ रुपये में कथित रूप से अपने उद्योगपति मित्रों को बिना किसी रजिस्ट्रेशन फीस के कौड़ियों के भाव सौंप दी। अग्निवीर योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने युवाओं के हितों की अनदेखी की है, जबकि हिमाचल प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। 

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में 1,000 कांस्टेबल पदों पर भर्ती की गई है और आने वाले समय में 800 और पद भरे जाएंगे। श्री सुक्खू ने कहा कि नीट परीक्षा का पेपर लीक होना युवाओं के साथ धोखा है और केंद्र सरकार को इसके लिए जिम्मेदार लोगों से इस्तीफा लेना चाहिए। 

उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को भी पुलिस द्वारा जबरन हिरासत में लिया गया। उन्होंने प्रियंका गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार की भी निंदा की।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस सेवा दल का 103 वर्षों का गौरवशाली इतिहास है। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्मान दे रही है, जिसका सकारात्मक संदेश जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस सेवा दल को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाने की बात कही। विनय कुमार ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ दुर्व्यवहार के खिलाफ प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा और इस मुद्दे को जनता के बीच प्रमुखता से उठाया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार को मजबूत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। कार्यक्रम में विधायक सुदर्शन बबलू, एचपीएसआईडीसी के चेयरमैन और कांग्रेस सेवा दल के चीफ अनुराग शर्मा, कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा, कांग्रेस सेवा दल की हिमाचल प्रदेश प्रभारी ज्योति खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।