उद्योग-केंद्रित पत्रकारिता शिक्षा को मिलेगा नया आयाम : आरबीयू ने प्रतिष्ठित समाचार पत्र ट्रस्ट के साथ किया एमओयू
5 Dariya News
मोहाली 22-Jul-2026
रयात बाहरा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन ने अकादमिक-उद्योग सहयोग को और अधिक सशक्त बनाने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक मीडिया और पत्रकारिता जगत से व्यावहारिक रूप से जोड़ने के उद्देश्य से द ट्रिब्यून ट्रस्ट के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यूनिवर्सिटी के चांसलर गुरविंदर सिंह बाहरा ने इस साझेदारी को कक्षा आधारित शिक्षा और मीडिया उद्योग की अपेक्षाओं के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह सहयोग विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र का बहुमूल्य अनुभव प्रदान करेगा तथा उनकी पेशेवर दक्षताओं और कौशल को और अधिक निखारेगा।
उन्होंने कहा कि यह साझेदारी उद्योग-केंद्रित शिक्षा प्रदान करने के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके माध्यम से भावी मीडिया पेशेवरों को आज के तेजी से बदलते संचार परिवेश के अनुरूप आवश्यक कौशल, पेशेवर नैतिकता और तकनीकी विशेषज्ञता से सुसज्जित किया जाएगा।
इस समझौते के तहत दोनों संस्थान पत्रकारिता, जनसंचार, डिजिटल मीडिया, जनसंपर्क तथा अन्य संबंधित क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। विद्यार्थियों को न्यूज़रूम एक्सपोज़र, अनुभवात्मक शिक्षण (एक्सपीरिएंशियल लर्निंग), इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण तथा देश के प्रतिष्ठित मीडिया विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी व्यावहारिक समझ और रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
समझौते में अतिथि व्याख्यान, कार्यशालाओं, सेमिनारों, मीडिया कॉन्क्लेव, सम्मेलनों तथा फैकल्टी विकास कार्यक्रमों के नियमित आयोजन का भी प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त डिजिटल पत्रकारिता, मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित पत्रकारिता, मीडिया नैतिकता, खोजी पत्रकारिता तथा फैक्ट-चेकिंग जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थी मीडिया उद्योग में हो रहे नवीनतम परिवर्तनों और तकनीकी विकास से निरंतर जुड़े रह सकें।
इस साझेदारी के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए संपादकीय विभागों और न्यूज़रूम का भ्रमण करवाएंगे, संयुक्त रूप से शैक्षणिक एवं व्यावसायिक कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उद्योग विशेषज्ञों के सुझावों के माध्यम से पाठ्यक्रम को अधिक समकालीन और रोजगारोन्मुख बनाएंगे तथा आपसी सहमति से संयुक्त शोध परियोजनाओं और प्रकाशनों को भी आगे बढ़ाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह एमओयू विद्यार्थियों को देश के अग्रणी मीडिया संस्थानों से सीधे जोड़ने के साथ-साथ उनके लिए इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा।