5 Dariya News

ब्रह्मज्ञान को व्यवहार में उतारकर ही जीवन को सार्थक बनाये

आत्मज्ञान से जीवन में आता है सकारात्मक परिवर्तन

5 Dariya News

चंडीगढ़ 22-Jul-2026

संत निरंकारी सत्संग भवन, सेक्टर-30, चंडीगढ़ में आयोजित इंग्लिश मीडियम संत समागम में श्री दीपक नेगी जी प्रचारक चंडीगढ़ ने अपने प्रेरणादायी प्रवचनों में कहा कि सद्गुरु की कृपा से प्राप्त आत्मज्ञान और ईश्वर-ज्ञान ही मनुष्य के जीवन में वास्तविक सकारात्मक परिवर्तन का आधार है। उन्होंने कहा कि परमात्मा कण-कण में विद्यमान है तथा इसके साक्षात् ज्ञान से आत्मबोध का मार्ग खुलता है। 

आत्मज्ञान के माध्यम से मनुष्य अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानकर अहंकार, भ्रम और नकारात्मक सोच से मुक्त होकर प्रेम, मानवता, शांति, कृतज्ञता एवं निष्काम सेवा का जीवन जीने लगता है। उन्होंने कहा कि सत्संग, ज्ञान और  अपने विचारों एवं जीवन को सकारात्मक दिशा देने की प्रक्रिया है। 

सद्गुरु के मार्गदर्शन में आत्म-सुधार, आत्म-मंथन और ब्रह्मज्ञान को व्यवहार में उतारकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। श्री नेगी जी ने अपने प्रवचनों में आगे कहा कि मनुष्य को जीवन में हर परिस्थिति के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए। 

उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि सकारात्मक दृष्टिकोण ही जीवन की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि सत्संग हमें दूसरों की कमियाँ देखने के बजाय स्वयं का आत्मनिरीक्षण करने, अपने विचारों को शुद्ध बनाने तथा ब्रह्मज्ञान को व्यवहार में उतारने की प्रेरणा देता है। 

सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में व्यक्ति अपने मन और विचारों का शोधन कर प्रेम, विनम्रता, सेवा और मानवता के मार्ग पर अग्रसर होता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे आधुनिक तकनीक के युग में भी आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाकर अपने चरित्र, व्यवहार और संस्कारों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनें।

इस इंग्लिश मीडियम संत समागम में नौजवानों ने भजन, गीत, नाटिका, प्रेरक वक्तव्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सत्संग, शिक्षा, सेवा, सिमरन, मानवता, प्रेम तथा उत्तम संस्कारों का प्रभावशाली संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत जागृति एवं आत्म-मंथन विषयों पर आधारित विचारों से हुई, जिसके बाद विभिन्न प्रस्तुतियों ने आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच और सामाजिक मूल्यों को अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। 

बच्चों एवं युवाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया तथा सभी ने उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं आध्यात्मिक सोच की मुक्तकंठ से सराहना की। श्री नेगी जी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए मंच पर प्रस्तुति देने वाले सभी प्रतिभागियों के साथ-साथ मंच के पीछे सेवा में जुटे सेवादारों, मार्गदर्शकों एवं आयोजकों को भी बधाई देते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा देने में उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा का महत्वपूर्ण योगदान है। 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे समागम युवाओं में आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और मानवता की भावना को भी सुदृढ़ करेंगे। समागम का समापन समस्त मानवता के कल्याण, विश्व शांति एवं निरंकार की कृपा की मंगलकामना के साथ हुआ।

इससे पूर्व संयोजक श्री नवनीत पाठक जी ने श्री दीपक नेगी जी व यहां के ज़ोनल इन्चार्ज श्री ओ0 पी0 निरंकारी तथा इस अवसर पर उपस्थित सभी वक्ताओं व सभी भक्त जन और सेवादल अधिकारियों का धन्यवाद किया।