डॉ. हिमांशु अग्रवाल द्वारा सेवा केंद्र और सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण
लोगों से सीधे बातचीत कर सेवाओं का लिया जायजा
5 Dariya News
पटियाला 21-Jul-2026
पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आज सेवा केंद्र और पटियाला के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रजिस्ट्री तथा अन्य विभिन्न कार्य करवाने आए आम लोगों से बातचीत कर सरकारी सेवाओं संबंधी फीडबैक प्राप्त की।
उन्होंने वहां लोगों के बैठने, पीने के पानी तथा अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों को चेतावनी दी कि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जानी चाहिए। डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम ईजी रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए इस बात पर जोर दिया कि लोग सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में ही हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारियों से मात्र 550 रुपये सरकारी शुल्क में अपनी रजिस्ट्रियां लिखवाएं।
डिप्टी कमिश्नर ने सेल डीड लिखने वाले कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे वहां आने वाले लोगों को इस सुविधा के बारे में जागरूक करें तथा यहीं से सेल डीड तैयार करवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को सेल डीड तैयार कराने के लिए निजी व्यक्तियों और बिचौलियों द्वारा वसूली जाने वाली भारी फीस नहीं देनी पड़ेगी।
उन्होंने रजिस्ट्री करवाने आए लोगों से फीडबैक लिया और पूछा कि क्या किसी व्यक्ति ने उन्हें परेशान किया है? डी.सी. ने लोगों से बातचीत करते हुए बताया कि पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की विशेष पहल के तहत संपत्ति रजिस्ट्रियों के समय लोगों की किसी भी प्रकार की खज्जल-खुआरी तथा अतिरिक्त लेन-देन बंद कर अपवित्र गठजोड़ समाप्त किया गया है और अब रजिस्ट्री करवाने के समय नागरिकों को किसी टाउट, दलाल या एजेंट की कोई आवश्यकता नहीं है।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने इस दौरान सेवा केंद्र का भी जायजा लिया और वहां लोगों से किसी प्रकार की कठिनाई या सेवा प्राप्त करने में आने वाली समस्या के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने सेवा केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए कि किसी भी आम नागरिक को कोई कठिनाई नहीं आनी चाहिए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पंजाब सरकार की विशेष पहल ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत अब लोग सेवा केंद्रों में मिलने वाली सेवाएं हेल्पलाइन नंबर 1076 के माध्यम से घर बैठे ही प्राप्त कर रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों, कामकाजी पेशेवरों तथा बाहर न जा सकने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिल रही है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन इस बात के लिए वचनबद्ध है कि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में नागरिक सेवाएं पूरी पारदर्शिता और निर्बाध रूप से उपलब्ध करवाई जाएं, जिसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नागरिक को सरकारी कार्यालयों में कोई कठिनाई नहीं आने दी जाए। इस अवसर पर ए.डी.सी. (ज) अनुप्रीता जौहल तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस दौरान पटियाला सब-रजिस्ट्रार कार्यालय और सेवा केंद्र में अपनी रजिस्ट्री तथा अन्य कार्य करवाने आए लोगों ने डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल द्वारा की गई बातचीत की सराहना करते हुए कहा कि ईजी रजिस्ट्री की पहल से वास्तव में बदलाव दिखाई दे रहा है। अब रजिस्ट्री पारदर्शी तरीके से बहुत कम समय में हो रही है।
सेवा केंद्र में पहुंचे लोगों ने भी डिप्टी कमिश्नर के दौरे की प्रशंसा की और मौके पर अपनी समस्याएं बताईं, जिनका वहीं निपटारा कर दिया गया। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि ऐसे औचक निरीक्षण अन्य विभागों में भी जारी रहेंगे।