लौंगोवाल को पंजाब की सर्वश्रेष्ठ नगर परिषदों में शामिल करना हमारा लक्ष्य: अमन अरोड़ा
कैबिनेट मंत्री की मौजूदगी में नगर परिषद की नई टीम ने संभाला कार्यभार
5 Dariya News
लौंगोवाल / सुनाम 21-Jul-2026
पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा की मौजूदगी में आज नगर परिषद लौंगोवाल की नई टीम ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला। इस अवसर पर श्रीमती रछपाल कौर (पत्नी सरदार बलविंदर सिंह) ने प्रधान, सरदार कुलदीप सिंह बंटी ने वरिष्ठ उपप्रधान और श्रीमती करमजीत कौर (पत्नी सरदार गुरजीत सिंह काला) ने उपप्रधान के रूप में पदभार संभाला।
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों और सभी पार्षदों को बधाई देते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि शहरवासियों ने नगर परिषद चुनावों में आम आदमी पार्टी पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना नई टीम की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि लोगों और परमात्मा की ओर से सेवा का मिला अवसर हमेशा जनहित और ईमानदारी से निभाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान लौंगोवाल पूरे विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्य टीम वर्क और लोगों के सहयोग का परिणाम हैं।
विकास की यह रफ्तार अब और तेज की जाएगी, ताकि लौंगोवाल विकास के मामले में एक मॉडल शहर बनाया जा सके। अमन अरोड़ा ने कहा कि नगर परिषद स्थानीय सरकार का सबसे महत्वपूर्ण अंग है और लोगों के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मुख्य जिम्मेदारी भी इसी संस्था की है।
उन्होंने नई टीम को शहर की सफाई, पीने वाले पानी की निरंतर सप्लाई, सीवरेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों, घर-घर कूड़ा उठाने की व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं में प्राथमिकता के आधार पर सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को शहर के भविष्य की योजना, नए विकास कार्यों की रूपरेखा, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और शहर की सुव्यवस्थित योजना बनाने के लिए दूरदर्शिता के साथ काम करना होगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील की। कैबिनेट मंत्री ने जोर देकर कहा कि नगर परिषद में किसी भी नागरिक के साथ राजनीतिक, सामाजिक या किसी अन्य आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।
हर व्यक्ति के जायज काम बिना परेशानी, बिना भ्रष्टाचार और पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यही आम आदमी पार्टी की कार्यशैली और पंजाब सरकार की नीति है। अमन अरोड़ा ने कहा कि उनकी दिली इच्छा है कि लॉन्गोवाल नगर परिषद बेहतर प्रबंधन, साफ-सुथरे प्रशासन और जन-केंद्रित कार्यप्रणाली के कारण पंजाब की सर्वश्रेष्ठ नगर परिषदों में अपनी अलग पहचान बनाए।
उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ हो, टीम में समर्पण हो और लोगों की सेवा का जज्बा हो, तो कोई भी लक्ष्य हासिल करना मुश्किल नहीं होता। उन्होंने सभी पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि हर निर्वाचित पार्षद अपने वार्ड के लोगों के लिए प्रधान के बराबर जिम्मेदार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों के जायज कामों के लिए वह और पंजाब सरकार हर समय नगर परिषद के साथ खड़े रहेंगे तथा विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रधान श्रीमती रछपाल कौर, वरिष्ठ उपप्रधान सरदार कुलदीप सिंह बंटी, उपप्रधान श्रीमती करमजीत कौर, सभी पार्षद, पार्टी नेता, नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।