महिलाओं सहित 302 निरंकारी श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ किया रक्तदान
5 Dariya News
चंडीगढ़ 19-Jul-2026
सत्गुरू माता सुदीक्षा जी महाराज की कृपा से आज संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन की तत्वाधान में सैक्टर 15 डी के संत निरंकारी सत्संग भवन में सेक्टर-15 एवं सेक्टर -40 ब्रांच की ओर से ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया जिसमें अनेक महिलाओं सहित 302 निरंकारी श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। इस कैंप का उद्घाटन चंडीगढ़ जोन के जोनल इंचार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी जी ने मुखी महात्मा श्री सोहन सिंह जी बांगा, श्री पवन कुमार जी एवं चंडीगढ़ के क्षेत्रीय संचालक श्री करनैल सिंह जी की उपस्थिति में किया ।
इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन का संदेश- “मानव को मानव हो प्यारा, एक दूजे का बनें सहारा” सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि दिल से अपनाने वाली एक जीवन शैली है। उन्होंने इस कैंप को सिर्फ एक प्रोग्राम नहीं, बल्कि प्यार, मेलजोल और बिना स्वार्थ के सेवा की जीती-जागती मिसाल बताया।
उन्होंने बताया कि संत निरंकारी मिशन 1986 से लगातार बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के आशीर्वाद से ब्लड डोनेशन मुहिम के जरिए इंसानियत की सेवा में लगा हुआ है। अब तक देश भर में नौ हजार से अधिक ब्लड डोनेशन कैंपों के जरिए 15 लाख यूनिट से अधिक ब्लड डोनेट किया जा चुका है।
इस वर्ष चंडीगढ़ जोन में भी कुल 20 कैंप लगाए जाएँगे जिनमें लगभग 3500 यूनिट्स ब्लड डोनेट किया जाएगा। इस मौके पर सैक्टर 15 के मुखी और सैक्टर 40 एरिया के मुखी ने कहा कि युग प्रवर्तक बाबा गुरबचन सिंह जी ने संगत को सच्चाई, सादगी और अच्छाई के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया और युवाओं को नशा-मुक्त जीवन अपनाकर समाज सेवा की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
बाबा हरदेव सिंह जी ने “खून नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए” का संदेश दिया और सेवा को जीवन का अहम हिस्सा बनाया, जिसे सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज लगातार बढ़ावा दे रहे हैं। कैंप के दौरान, चंडीगढ़ के पी. जी. आई की टीम की डॉ. संगीता एसोसियेट प्रोफेसर व सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की डॉ. नितिका की नेतृत्व में 10 सदस्यी टीम ने अपने अनुभवी डॉक्टरों और स्टाफ की मदद से रक्त एकत्रित किया।
कैंप में संगत और सेवादारों ने पूरे जोश एवं श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया तथा समर्पण और निस्वार्थ सेवा की भावना दिखाई।