5 Dariya News

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत कुलवंत सिंह की अगुवाई में 3 बसें रवाना

आने वाले दिनों में मोहाली विधानसभा क्षेत्र से प्रतिदिन 6 बसें रवाना करने का लक्ष्य : कुलवंत सिंह

5 Dariya News

साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर 17-Jul-2026

पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज मोहाली विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुलवंत सिंह की अगुवाई में श्रद्धालुओं से भरी तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। गांव गीगे माजरा में बसों को रवाना करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि यह पहली बार है कि एक ही गांव से श्रद्धालुओं की दो बसें इस योजना के तहत रवाना हुई हैं, जो क्षेत्र के लोगों के उत्साह और योजना की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है। 

उन्होंने बताया कि तीसरी बस गांव गिद्दड़पुर से रवाना की गई। विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा एवं उनकी धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई यह योजना अत्यंत सफलतापूर्वक चल रही है। 

उन्होंने कहा कि शुरुआत में विधानसभा क्षेत्र से केवल एक बस रवाना की जाती थी, लेकिन श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पहले दो और अब प्रतिदिन तीन बसें रवाना की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रत्येक बस में मेडिकल टीम तथा गाइड की व्यवस्था की गई है। 

इसके अलावा उनके ठहरने के लिए वातानुकूलित होटलों में कमरे बुक किए जाते हैं तथा भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पंजाब सरकार द्वारा की जाती हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को जिस स्थान से यात्रा के लिए रवाना किया जाता है, यात्रा पूर्ण होने के बाद उन्हें वहीं सुरक्षित वापस पहुंचाया जाता है।

विधायक कुलवंत सिंह ने बताया कि वर्तमान में श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर, बाघा बॉर्डर तथा जलियांवाला बाग के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हरिद्वार तथा खाटू श्याम सहित अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी बसें चलाई जाएंगी। 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए मोहाली विधानसभा क्षेत्र से प्रतिदिन छह बसें तक रवाना की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में इस योजना को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में भारी उत्साह है तथा बड़ी संख्या में पंजीकरण करवाए जा रहे हैं। प्रतिदिन वरिष्ठ नागरिक समूहों के रूप में विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कर अपने घर लौट रहे हैं। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के हलका कोऑर्डिनेटर फूलराज सिंह ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंजीकरण करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले एक, फिर दो और अब तीन बसें मोहाली विधानसभा क्षेत्र से रवाना की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज पहली बार एक ही गांव से श्रद्धालुओं की दो बसों को इस योजना के तहत रवाना किया गया है।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सतनाम सिंह, कुलदीप सिंह समाना, पूर्व सरपंच अवतार सिंह मौली, मोहाली नगर निगम के डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना, रणदीप सिंह मटौर, जसपाल सिंह मटौर, अकविंदर सिंह गोसल, नरिंदर पाल सिंह धालीवाल, बलजीत सिंह तथा परगट सिंह भी उपस्थित थे।