5 Dariya News

दक्षिण हरियाणा को मिलेगी आधुनिक चिकित्सा और हरित रेल की सौगात

पीएम मोदी करेंगे बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण

5 Dariya News

चंडीगढ़ 16-Jul-2026

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा के विकास और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिहाज से आने वाला 17 जुलाई का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी अपने आगामी दौरे के दौरान प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई अहम विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।  

इन परियोजनाओं में जींद-सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत के साथ-साथ दक्षिण हरियाणा के लिए बहुप्रतीक्षित भिवानी मेडिकल कॉलेज और महेंद्रगढ़ के कोरियावास मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण भी शामिल है। स्वास्थ्य मंत्री  ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि भिवानी और कोरियावास में नए मेडिकल कॉलेजों के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए अब बड़े शहरों की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। इसके अलावा स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर भी  मिल सकेंगे।

पर्यावरण और तकनीक के क्षेत्र में इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जींद-सोनीपत मार्ग पर देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली ट्रेन का परिचालन शुरू होना पूरे देश के लिए गर्व की बात है। यह कदम न केवल प्रदूषण को कम करने में सहायक होगा, बल्कि भविष्य के हरित परिवहन की दिशा में एक नया मार्ग भी प्रशस्त करेगा। 

उन्होंने कहा कि सड़कों के सुदृढ़ीकरण, रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण और चिकित्सा तंत्र को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे यह कदम आने वाले समय में राज्य की प्रगति को नई दिशा देंगे।