5 Dariya News

चितकारा यूनिवर्सिटी ने बाहा एस.ए.ई. इंडिया के साथ भविष्य की मोबिलिटी पर किया रणनीतिक मंथन

चितकारा यूनिवर्सिटी करेगी बाहा एस.ए.ई. इंडिया 2027 के वर्चुअल राउंड की मेजबानी, 17 से 19 जुलाई तक देशभर की 186 टीमों के बीच होगा कड़ा मुकाबला

5 Dariya News

चंडीगढ़ 16-Jul-2026

चितकारा यूनिवर्सिटी ने बाहा एस.ए.ई. इंडिया आयोजन समिति और ऑटोमोबाइल उद्योग के वरिष्ठ विशेषज्ञों के साथ एक उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक की सह-मेजबानी करते हुए अनुभवात्मक (एक्सपीरिएंशियल) शिक्षा और उद्योग-समेकित इंजीनियरिंग शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में बाहा एस.ए.ई. इंडिया आयोजन समिति के चेयरमैन बलराज सुब्रमण्यम, मानद सचिव जतिन गर्ग, वरिष्ठ सलाहकार डॉ. के.सी. वोरा तथा ऑटोमोटिव होमोलोगेशन विशेषज्ञ एवं एआरएआई के पूर्व निदेशक बलराज भनोट शामिल हुए। 

चितकारा यूनिवर्सिटी की ओर से प्रेसिडेंट एवं सह-संस्थापक डॉ. मधु चितकारा, कुलपति डॉ. संधीर शर्मा और रजिस्ट्रार डॉ. राकेश शर्मा उपस्थित रहे। स्वागत संबोधन में बाहा एस.ए.ई. इंडिया आयोजन समिति के चेयरमैन, बलराज सुब्रमण्यम ने कहा कि बाहा एस.ए.ई. इंडिया वर्षों से प्रायोगिक शिक्षा और नवाचार के माध्यम से देश के इंजीनियरिंग विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहा है। 

कुलपति डॉ. संधीर शर्मा ने कहा कि उभरती तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप छात्रों को तैयार करने के लिए उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी समय की आवश्यकता है। बैठक के दौरान बाहा एस.ए.ई. इंडिया की यात्रा और उपलब्धियों पर प्रस्तुति दी गई। इसमें बताया गया कि यह प्रतियोगिता आज देश के सबसे प्रतिष्ठित अनुभवात्मक शिक्षण मंचों में शामिल है। 

वर्तमान में इसके अंतर्गत इलेक्ट्रिक व्हीकल, मैकेनिकल बाहा, ऑटोनॉमस बाहा और हाइड्रोजन बाहा जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थी भविष्य की मोबिलिटी तकनीकों पर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करते हैं। बाहा एस.ए.ई. इंडिया 2027 में भाग लेने वाले छात्र प्रतियोगिता के तहत सिंगल-सीटर ऑल-टेरेन वाहनों की अवधारणा तैयार करने से लेकर उनकी डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग विश्लेषण, निर्माण और परीक्षण तक की पूरी प्रक्रिया बाहा एस.ए.ई. इंडिया के नियमों के अनुरूप पूरी करेंगे। 

इसके बाद वाहनों का स्थिर और गतिशील परीक्षण किया जाएगा, जिसमें इंजीनियरिंग उत्कृष्टता, नवाचार, सुरक्षा और प्रदर्शन का मूल्यांकन होगा। बाहा एस.ए.ई. इंडिया 2027 के लिए देशभर से कुल 186 टीमों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 102 ई-बाहा, 26 एच-बाहा और 58 एम-बाहा टीमें शामिल हैं। 

ये सभी टीमें वर्चुअल राउंड में भाग लेंगी, जहां ऑटोमोबाइल उद्योग के विशेषज्ञ बग्गी के प्रारंभिक डिजाइन का मूल्यांकन करने के साथ-साथ प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शन भी देंगे।प्रतियोगिता के दौरान ऑटोमोबाइल विषय पर आधारित एक तकनीकी क्विज भी आयोजित की जाएगी।

ई-बाहा, एम-बाहा और बाहा एस.ए.ई. इंडिया 2027 का वर्चुअल राउंड 17 से 19 जुलाई, 2026 तक चितकारा यूनिवर्सिटी, पंजाब कैंपस में आयोजित किया जायेंगे। डिजिटल इंजीनियरिंग टूल्स और सिमुलेशन आधारित मूल्यांकन के जरिए टीमों के वाहन डिजाइन, इंजीनियरिंग विश्लेषण और नवाचार का आकलन किया जायेगा और इसके बाद चयनित टीमें प्रतियोगिता के अगले चरण में पहुंचेगी।

चितकारा यूनिवर्सिटी की प्रेसिडेंट एवं सह-संस्थापक, डॉ. मधु चितकारा, ने कहा कि चितकारा यूनिवर्सिटी का बाहा एस.ए.ई. इंडिया के साथ जुड़ाव विद्यार्थियों को कक्षा में सीखी गई अवधारणाओं को व्यवहारिक नवाचार में बदलने का अवसर देता है। इससे उनकी तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और समस्या समाधान कौशल का विकास होता है।

बैठक में उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि इंजीनियरिंग शिक्षा को ऑटोमोबाइल और भविष्य की मोबिलिटी इंडस्ट्री की बदलती जरूरतों के अनुरूप बनाया जा सके।