5 Dariya News

हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा आयोजित जन मिलन कार्यक्रमों ने रैलियों का रूप धारण किया

जन मिलन कार्यक्रमों में उमड़ा जनसैलाब, लोगों ने दिया भरपूर समर्थन

5 Dariya News

जंडियाला गुरु/अमृतसर 14-Jul-2026

विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के विधायक एवं पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा क्षेत्र के लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन जन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत आज क्षेत्र के गांव गदली, राणा कला, जब्बोवाल, सूरो पड्डा, चूंग, मेहता चौक तथा बुट्टर खुर्द में जन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन जन मिलन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और गांव स्तर की ये बैठकें लोगों के भारी उत्साह और उमड़े जनसमूह के कारण रैलियों का रूप धारण कर गईं। लोगों ने कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. का जोरदार स्वागत करते हुए पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की।

इस अवसर पर सभाओं को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के लोगों द्वारा उन्हें दिया गया प्यार, सम्मान और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना और प्रत्येक परिवार के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना उनकी पहली प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा जंडियाला गुरु क्षेत्र में भी इन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सड़कों, सीवरेज, पेयजल तथा अन्य विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं और इन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने अपने चुनावी वादों और गारंटियों को पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया है। उन्होंने कहा कि जन मिलन कार्यक्रमों के दौरान लोगों से मिल रहे प्यार और समर्थन से यह स्पष्ट हो गया है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी पहले से भी बड़ी जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि लोगों के साथ सीधा संपर्क और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान पंजाब सरकार की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है और ऐसे जन मिलन कार्यक्रम भविष्य में भी इसी प्रकार जारी रहेंगे।