5 Dariya News

जनहित के मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त - कृष्ण कुमार बेदी

बैठक से गैरहाजिर एक्सईएन को कारण बताओ नोटिस, सिंचाई विभाग के एसडीओ के निलंबन की सिफारिश के निर्देश

5 Dariya News

फतेहाबाद 13-Jul-2026

हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निपटान सुनिश्चित करें।

कृष्ण कुमार ने आज जिला फतेहाबाद में आयोजित जिला लोक सम्पर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक में कुल 14 मामलों पर सुनवाई की। इनमें से 6 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि 8 मामलों में जांच के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि जनपरिवाद समिति केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनता को समय पर न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। 

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति के प्रत्येक निर्णय का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और जनता का विश्वास प्रशासन पर और अधिक मजबूत बनाया जाए। बैठक के दौरान पुलिस, शहरी स्थानीय निकाय, कृषि, बिजली निगमों तथा अन्य विभागों की समस्याओं की सुनवाई कर समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक में जल सेवाएं मंडल, हिसार के कार्यकारी अभियंता विनोद वर्मा के बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर मंत्री ने उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं सिंचाई विभाग के एसडीओ राजेंद्र के खिलाफ कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार तथा लगातार लापरवाही की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त को उनके निलंबन की सिफारिश विभाग को भेजने के निर्देश दिए।