5 Dariya News

मान सरकार पूरे पंजाब में बिना किसी भेदभाव के करा रही है विकास कार्य : हरभजन सिंह ई.टी.ओ.

लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने जंडियाला–वैरोवाल रोड से पखोके वाया दरगाह बाबा शेख फत्ता जी संपर्क सड़क के विशेष मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया

5 Dariya News

जंडियाला गुरु/अमृतसर 12-Jul-2026

पंजाब के लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज जंडियाला–वैरोवाल रोड से पखोके वाया दरगाह बाबा शेख फत्ता जी संपर्क सड़क के विशेष मरम्मत कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। यह संपर्क सड़क पंजाब मंडी बोर्ड, जिला तरनतारन (मार्केट कमेटी तरनतारन) के अधीन आती है। 

सड़क की कुल लंबाई 6.55 किलोमीटर तथा चौड़ाई 10 फुट है। इस परियोजना पर 1.82 करोड़ रुपये की लागत आएगी तथा कार्य को 6 माह के भीतर पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि सड़क की मरम्मत से क्षेत्र के हजारों निवासियों, किसानों तथा राहगीरों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। 

उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत आधारशिला होती हैं तथा राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए ऐतिहासिक प्रयास किए हैं। 

आज पूरे पंजाब में बिना किसी भेदभाव और रुकावट के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिल रहा है। श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि आधारभूत ढांचे के विकास के क्षेत्र में पंजाब आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान बना रहा है। 

बेहतर सड़कें, पुल तथा अन्य विकास परियोजनाओं के माध्यम से लोगों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव में विकास कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। 

उन्होंने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दलों ने वर्षों तक जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा की, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद यहां सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया गया है। आज जंडियाला गुरु विकास के मामले में राज्य के अग्रणी विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हो चुका है।

लोक निर्माण मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।