5 Dariya News

ग्रामीण सामूहिक कार्यों में मिलजुल कर करें सहयोग- विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण

5 Dariya News

घरौंडा (करनाल) 11-Jul-2026

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे सामूहिक विकास कार्यों में मिलजुल कर सहयोग करें।  उन्होंने पुंडरी में महिला चौपाल बनवाने की घोषणा की।श्री कल्याण ने आज करनाल के घरौंडा हलके के गांव पुंडरी में करीब सवा करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इससे पहले उन्होंने कश्यप चौपाल, पाल चौपाल, सामुदायिक केंद्र और पीर बाबा के नजदीक हॉल का शिलान्यास किया। इनका निर्माण पंचायत एवं विकास विभाग की ओर से कराया जाएगा जिन पर करीब सवा करोड़ रुपये खर्च होंगे।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले दस-बारह साल में क्षेत्र में विकास के अनेक कार्य कराए गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के शासनकाल में कई बड़े प्रोजेक्ट मंजूर हुए जिनका फायदा आने वाले समय में भावी पीढ़ियों को होगा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी अंत्योदय की भावना से काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि जिन गांवों में आपसी भाईचारा मजबूत है वहां तरक्की भी अधिक हुई है। गांव का माहौल अच्छा रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से गांव में साफ-सफाई की ओर विशेष ध्यान देने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब सिफारिश के आधार पर नौकरियां देने का समय बीत चुका है। मेरिट पर नौकरियां दी जा रही हैं। पुंडरी गांव में भी करीब 38 युवाओं को नौकरी मिल चुकी है। नौकरी के लिए मेहनत जरूरी करनी पड़ती है। गांव की बेटियों को स्कूली शिक्षा अधूरी न छोड़नी पड़े इसलिए यहां के स्कूल का दर्जा बढाया गया।इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, पंचायती राज विभाग के एसडीओ जयभगवान व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।