5 Dariya News

'लोक मिलनी': विकास के मामले में मोहाली बनेगा पंजाब का नंबर-1 विधानसभा क्षेत्र : कुलवंत सिंह

विधायक कुलवंत सिंह ने बड़माजरा, जुझार नगर और तड़ौली-हुसैनपुर के लोगों से किया सीधा संवाद

5 Dariya News

साहिबजादा अजीत सिंह नगर 08-Jul-2026

पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 'लोक मिलनी' कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला के तहत मोहाली विधानसभा क्षेत्र के बड़माजरा, जुझार नगर और तड़ौली-हुसैनपुर गांवों में विधायक कुलवंत सिंह ने लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि आज पंजाब का एक ही नारा है—"भगवंत मान दोबारा।" उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब, विशेषकर मोहाली विधानसभा क्षेत्र में 'लोक मिलनी' कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार को जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त है तथा यह सरकार पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्यभर में विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं ठेकेदारों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को अपने दैनिक कार्यों के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार, पार्टी कार्यकर्ता और प्रशासन मिलकर लोगों के घर-द्वार तक सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि 'लोक मिलनी' कार्यक्रमों में सभी धर्मों और समुदायों के लोगों की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण   कि पूरा पंजाब एकजुट होकर राज्य को फिर से खुशहाल और रंगला पंजाब बनाने में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार है जिसने अपने चुनावी वादों को धरातल पर उतारकर दिखाया है तथा विकास की पटरी से उतरे पंजाब को दोबारा विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का मोहाली विधानसभा क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मोहाली में कई बड़े विकास परियोजनाएं लाई जा रही हैं, जिनसे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी सुविधाओं के कारण देश के विभिन्न राज्यों से लोग मोहाली में बस रहे हैं तथा शिक्षा और रोजगार के लिए भी इसे प्राथमिकता दे रहे हैं।

विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मोहाली के लोगों ने उन्हें 35 हजार से अधिक मतों के अंतर से विजयी बनाकर विधानसभा भेजा, जिसके लिए वह क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता और समर्थक के सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विकास के क्षेत्र में मोहाली विधानसभा क्षेत्र को पंजाब का नंबर-1 विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी सरकार अब तक राज्य के 68,500 से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध करा चुकी है और आने वाले समय में यह संख्या 80 हजार तक पहुंचने की उम्मीद है। स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में लगभग 1,000 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 10 मोहाली विधानसभा क्षेत्र में संचालित हैं। 

यहां लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाइयां तथा आवश्यक मेडिकल परीक्षण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जुझार नगर में रंगला पंजाब योजना के तहत गलियों के निर्माण के लिए 7 लाख रुपये जारी किए गए हैं तथा नालियों के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये और जारी किए जाएंगे। बड़माजरा में आंगनवाड़ी केंद्र के लिए 8 लाख रुपये तथा श्मशान घाट के विकास के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 

इसके अतिरिक्त रंगला पंजाब योजना के अंतर्गत अन्य विकास कार्यों के लिए शीघ्र ही 10 लाख रुपये और जारी किए जाएंगे। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह समाना, डॉ. कुलदीप सिंह, राजिंदर प्रसाद शर्मा, इकबाल सिंह (जुझार नगर), हरपाल सिंह चन्ना, हरपाल सिंह बराड़, तरलोचन सिंह, अकविंदर सिंह गोसल, जसवीर सिंह रुरका, परमिंदर सिंह रुरका, मलकियत सिंह, मनजीत सिंह, नरिंदर पाल सिंह, बलजीत सिंह हैप्पी, परगट सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।