5 Dariya News

कुलदीप सिंह धालीवाल ने पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर इथेनॉल युक्त पेट्रोल के नमूने लिए

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के मद्देनज़र पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम घटाए जाएं: धालीवाल

5 Dariya News

अमृतसर/अजनाला 07-Jul-2026

आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल ने आज जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक सुखजिंदर सिंह, तौल एवं माप निरीक्षक गगनदीप सिंह तथा अन्य विभागीय अधिकारियों की टीम के साथ अजनाला क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा की जांच के लिए मौके पर ही पेट्रोल के नमूने लिए गए।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरदार धालीवाल ने कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा को लेकर वाहन मालिकों की ओर से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के अनुसार इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के उपयोग से दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के इंजन तथा अन्य पुर्जों में कथित रूप से खराबी आ रही है, जिससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। 

इन शिकायतों के मद्देनज़र विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में पेट्रोल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।सरदार धालीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन देशों में अधिक मात्रा में इथेनॉल मिश्रित ईंधन का उपयोग किया जाता है, वहां की परिस्थितियों की तुलना भारत से करना उचित नहीं है, क्योंकि भारत में वाहनों की तकनीकी संरचना और सड़कों की स्थिति अलग है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम लोगों को राहत देने के बजाय पेट्रोलियम कंपनियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।सरदार धालीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट को देखते हुए पेट्रोल, डीजल, घरेलू एलपीजी तथा वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में तत्काल कमी की जाए, ताकि महंगाई से प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।