5 Dariya News

श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की विशेष डॉक्यूमेंट्री का हलका मोहाली से शुभारंभ

विधायक कुलवंत सिंह ने झुझार नगर से किया शुभारंभ; गुरु साहिब के जीवन-दर्शन एवं शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने की पहल

5 Dariya News

साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर 07-Jul-2026

श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर उनके जीवन-दर्शन, शिक्षाओं तथा सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा तैयार की गई विशेष डॉक्यूमेंट्री वैन का आज हलका मोहाली में विधायक कुलवंत सिंह ने गांव झुझार नगर से शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के समानता, सद्भाव, सत्य, श्रम और मानवता पर आधारित संदेश को प्रत्येक घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से यह विशेष डॉक्यूमेंट्री तैयार की गई है, जिससे लोगों, विशेषकर युवाओं को गुरु साहिब के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त होगी।

उन्होंने बताया कि डॉक्यूमेंट्री वैन पर 12 फुट × 8 फुट की आधुनिक एलईडी स्क्रीन स्थापित की गई है, जिस पर लगभग 30 मिनट की प्रभावशाली डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा। यह डॉक्यूमेंट्री श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, शिक्षाओं तथा समाज सुधार में उनके अमूल्य योगदान को सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से प्रस्तुत करती है।

विधायक ने बताया कि यह डॉक्यूमेंट्री वैन प्रतिदिन हलका मोहाली के दो गांवों में पहुंचकर फिल्म का प्रदर्शन करेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने गांव में वैन के पहुंचने पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस विशेष पहल का लाभ उठाएं तथा गुरु साहिब के जीवन और उपदेशों से प्रेरणा प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में भाईचारे, समानता और सामाजिक समरसता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।

पहले दिन गांव जूझार नगर एवं बड़ माजरा में डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जहां बड़ी संख्या में संगत एवं स्थानीय निवासियों ने उपस्थित होकर फिल्म का अवलोकन किया। इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर आर.पी. शर्मा, डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना, जिला ट्रेडर्स आयोग के उपाध्यक्ष तरलोचन सिंह बैदवान, विधानसभा हलका चेयरमैन अकविंदर सिंह गोसल, जुझार नगर के सरपंच इकबाल सिंह, बड़ माजरा के सरपंच राजिंदर सिंह, बड़ माजरा कॉलोनी के सरपंच गुरनाम सिंह सहित क्षेत्र की अनेक गणमान्य हस्तियां एवं बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।