5 Dariya News

भारी बारिश के बाद भूस्खलन, 9 की मौत

5 Dariya News

ढाका 06-Jul-2026

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में सोमवार सुबह भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 बच्चे भी शामिल हैं। अधिकांश हादसे रोहिंग्या शरणार्थी शिविरों में हुए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उखिया उपजिला के अलग-अलग रोहिंग्या शिविरों में भूस्खलन से 8 लोगों की जान गई, जबकि कॉक्स बाजार नगर में एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई।

बांग्लादेश के प्रमुख दैनिक, द ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, सबसे बड़ा हादसा जामटोली कैंप-15 में हुआ, जहां पहाड़ी से मिट्टी खिसककर 44 वर्षीय मोहम्मद कमाल हुसैन के घर पर गिर गई। हादसे में कमाल हुसैन, उनकी 39 वर्षीय पत्नी हुमायरा बेगम और चार वर्षीय बेटे मोहम्मद अनस की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया।

एक अन्य घटना में कुतुपालोंग रोहिंग्या कैंप-7 में पहाड़ी ढहने से 7 वर्षीय एकराम की मौत हो गई। इसके कुछ घंटों बाद बालुखाली रोहिंग्या कैंप-11 में हुए भूस्खलन में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों में 27 वर्षीय उम्मे हबीबा, 13 वर्षीय तंजीना अख्तर, 5 वर्षीय मोहम्मद रिहान और 3 वर्षीय हारुनुर रशीद शामिल हैं।

इसके अलावा, कॉक्स बाजार शहर के छत्तरघोना इलाके में हुए एक अन्य भूस्खलन में अली अकबरनामक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य मलबे में दब गए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने अली अकबर को मृत घोषित कर दिया। उखिया प्रशासन ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ गया है।

प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। उखिया की उपजिला निर्वाही अधिकारी पन्ना अख्तर ने कहा, "प्रशासन लगातार माइक से लोगों को सतर्क कर रहा है और जोखिम वाले क्षेत्रों को खाली करने की सलाह दी जा रही है। लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।"