डिप्टी कमिश्नर की ओर से निगम चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से होने पर मतदाताओं का धन्यवाद, 60.5 प्रतिशत मतदान दर्ज
जनरल ऑब्जर्वर डॉ. सेनू दुग्गल ने बूथों पर जाकर चुनाव प्रक्रिया का लिया जायजा
5 Dariya News
होशियारपुर 05-Jul-2026
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन ने आज यहां नगर निगम के 50 वार्डों के लिए हुए मतदान को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होने पर मतदाताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे से शुरू हुई वोटिंग प्रक्रिया पूरी होने तक 60.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पूरी प्रक्रिया संपन्न होते ही मतगणना शुरू कर दी गई है और जल्द ही परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव ड्यूटी में तैनात प्रीज़ाइडिंग अधिकारियों, पोलिंग अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों तथा ग्रुप डी कर्मचारियों को 6 जुलाई (सोमवार) को चुनाव ड्यूटी के बदले छुट्टी घोषित की है।
राज्य चुनाव आयोग की ओर से नगर निगम चुनावों के लिए होशियारपुर में नियुक्त जनरल ऑब्जर्वर डॉ. सेनू दुग्गल ने एडीसी निकास कुमार और एसडीएम परमप्रीत सिंह सहित विभिन्न पोलिंग बूथों का दौरा किया और चुनाव प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि समूची वोटिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग उत्साह के साथ किया जा रहा है।