5 Dariya News

प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के शूटिंग खिलाड़ियों को किया सम्मानित

एशियन चैंपियनशिप से वर्ल्ड कप तक गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के शूटरों ने सफलता की नई इबारत लिखी

5 Dariya News

अमृतसर 03-Jul-2026

वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह द्वारा खेलों के विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय को देश की प्रमुख खेल संस्थाओं में और अधिक मजबूती से स्थापित किया है। विश्वविद्यालय में विश्वस्तरीय खेल बुनियादी ढांचा, वैज्ञानिक प्रशिक्षण सुविधाएं और खिलाड़ियों के लिए मजबूत सहयोग प्रणाली के कारण यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

इन शानदार उपलब्धियों के मद्देनज़र वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने आज अपने कार्यालय में विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले शूटिंग खिलाड़ियों के सम्मान में हाई टी का आयोजन किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए वाइस चांसलर ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। 

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का अनुशासन, समर्पण और मेहनत न केवल विश्वविद्यालय बल्कि देश का नाम भी रोशन कर रही है। उन्होंने एशियन शूटिंग चैंपियनशिप और आईएसएसएफ वर्ल्ड कप जैसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में पदक जीतने पर विशेष गर्व व्यक्त किया।

प्रो. करमजीत सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों की लगातार उपलब्धियां एक स्वस्थ खेल वातावरण का प्रमाण हैं, जो गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, संस्थागत सहयोग और खिलाड़ियों के ऊंचे हौसले पर आधारित है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव विश्वविद्यालय युवा खिलाड़ियों को हर संभव अवसर और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकें।

वाइस चांसलर ने उन तीन शूटरों को भी विशेष रूप से बधाई दी, जिनका चयन अक्टूबर 2026 में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में हुआ है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि ये खिलाड़ी देश के लिए और अधिक गौरव हासिल करेंगे।

उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी जुनून के साथ मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि धैर्य, सोच और अनुशासन ही महान खिलाड़ियों की वास्तविक पहचान है। उन्होंने आशा जताई कि ये खिलाड़ी आगे भी पदक जीतकर विश्वविद्यालय की खेल विरासत को और मजबूत करेंगे।

इस अवसर पर डॉ. एच.एस. सैनी (डीन अकादमिक मामलों), डॉ. के.एस. चहल (रजिस्ट्रार), डॉ. कंवर मनदीप सिंह (डायरेक्टर स्पोर्ट्स), डॉ. बलजिंदर सिंह बल्ल (मुख्य, फिजिकल एजुकेशन विभाग), श्री परवीन पुरी (डायरेक्टर जनसंपर्क) और श्रीमती राजविंदर कौर (शूटिंग कोच) भी उपस्थित थे। उन्होंने भी खिलाड़ियों को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

सम्मानित खिलाड़ियों में आशी चौकसी और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप (कजाकिस्तान) में स्वर्ण पदक जीते और एशियन गेम्स के लिए चयनित हुए। मनीषा कीर ने ट्रैप एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। 

अभिनव शॉ ने एशियन गेम्स जकार्ता में रजत और जर्मनी वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतते हुए 10 मीटर राइफल स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। अद्रियन कर्माकर ने नई दिल्ली एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर 50 मीटर थ्री पोजिशन स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।

सिफ्त कौर ने कजाकिस्तान में स्वर्ण तथा नई दिल्ली में स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। हरमेहर लाली ने मोरक्को आईएसएसएफ वर्ल्ड कप (स्कीट) में कांस्य पदक जीता, जबकि अभय सिंह सेखों ने कजाकिस्तान में कांस्य पदक अपने नाम किया। रमिता जिंदल ने ओलंपिक में शीर्ष-5 में जगह बनाई। 

हर्ष गुप्ता ने नई दिल्ली और कजाकिस्तान दोनों स्थानों पर स्वर्ण पदक जीते, जबकि प्रिक्षित बराड़ ने भी एशियन चैंपियनशिप में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई। खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि लगातार प्रोत्साहन, आधुनिक खेल सुविधाओं और बेहतर सहयोग ने उनकी अंतरराष्ट्रीय सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।