कुलजीत सिंह रंधावा ने जन मिलनी कार्यक्रम के दौरान तीन गांवों को विकास परियोजनाओं की सौगात दी
जौला कलां और मलकपुर में लगभग 71 लाख रुपये के विकास कार्य जनता को समर्पित, जौला खुर्द के लिए 17 लाख रुपये की ग्रांट की घोषणा
5 Dariya News
लालड़ू (एस.ए.एस. नगर) 03-Jul-2026
विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने आज जन मिलनी कार्यक्रम के तहत गांव जौला कलां, जौला खुर्द और मलकपुर का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं, संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए तथा करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को और गति देने का भरोसा दिलाया।
गांव जौला कलां में विधायक रंधावा ने 26.86 लाख रुपये की लागत से निर्मित गंदे पानी की निकासी हेतु पाइपलाइन तथा ओपन जिम का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तथा लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना पंजाब सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके उपरांत गांव जौला खुर्द में आयोजित जन मिलनी कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की मांगों को सुनने के बाद गलियों-नालियों तथा गंदे पानी की निकासी के लिए 17 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा की गई। इस अवसर पर गांव को लंबे समय बाद 24 घंटे बिजली आपूर्ति वाली लाइन से जोड़े जाने को भी क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
गांव मलकपुर में विधायक ने 44 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इनमें 25 लाख रुपये की पाइपलाइन, 15 लाख रुपये की गलियों-नालियों तथा 4 लाख रुपये की लागत से श्मशान घाट के विकास कार्य शामिल हैं। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के प्रत्येक गांव के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि जन मिलनी कार्यक्रम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बन गया है। सरकार का उद्देश्य शहरों के साथ-साथ गांवों में भी आधुनिक बुनियादी ढांचा तथा बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर जौला कलां के सरपंच दलविंदर सिंह, जौला खुर्द की सरपंच अमरजीत कौर, श्री सतवीर सिंह चेनी, मलकपुर के सरपंच अमनजीत सिंह, श्री निरमैल सिंह, पंचायत सदस्य, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।