लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने गांव धरदियों में नए 66 केवी सब-स्टेशन का शिलान्यास किया
लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा आधुनिक 66 केवी सब-स्टेशन
5 Dariya News
अमृतसर 01-Jul-2026
पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज प्रातः उन्होंने गांव धरदियों में नए 66 केवी सब-स्टेशन का शिलान्यास किया। पंजाब सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 11 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
शिलान्यास समारोह के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) द्वारा स्थापित किया जा रहा यह सब-स्टेशन क्षेत्र की विद्युत वितरण प्रणाली को मजबूत करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की योजना वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य में बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि यह सब-स्टेशन 31 मार्च 2027 तक पूर्ण हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस 66 केवी सब-स्टेशन के निर्माण पर लगभग 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिनमें से 7.80 करोड़ रुपये सब-स्टेशन के निर्माण पर तथा लगभग 3 करोड़ रुपये 11 केवी फीडरों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण पर व्यय किए जाएंगे। नए सब-स्टेशन से 10 नए 11 केवी फीडर संचालित किए जाएंगे, जिनमें न्यू बुट्टर खुर्द, न्यू धरदियों-1, न्यू बुट्टर खुर्द ए.पी., न्यू रखे शाह ए.पी., न्यू बुट्टर सिवियां-1, न्यू पल्ला, न्यू गग्गड़ भाणा, बुट्टर, धरदियों अर्बन तथा गग्गड़ भाणा शामिल हैं। ये सभी फीडर 20 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर से संचालित होंगे, जिनका कुल भार लगभग 14,806 केवीए होगा।
उन्होंने आगे बताया कि इस सब-स्टेशन को बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए 66 केवी सठियाला सब-स्टेशन से लगभग 5.5 किलोमीटर लंबी 66 केवी लाइन एस.सी. कंडक्टर के साथ डबल सर्किट टावरों पर बनाई जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से 66 केवी महिता तथा 66 केवी सठियाला सब-स्टेशनों पर लगभग 14,806 केवीए का भार कम होगा, जिससे इन सब-स्टेशनों से जुड़े अन्य गांवों एवं शहरी क्षेत्रों को अधिक विश्वसनीय, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि इस सब-स्टेशन से सीधे लाभान्वित होने वाले गांवों में गग्गड़ भाणा, पल्ला, धरदियों, धरदियों सरदारां, धरदियों शहीद मलकीत सिंह नगर, बुट्टर सिवियां, बुट्टर खुर्द, दयालगढ़ तथा नंगली प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त राजधान, महिता, रखे शाह, सिंह बेला तथा खब्बे राजपूतां सहित अन्य गांवों को भी अप्रत्यक्ष रूप से इस परियोजना का लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि इस परियोजना से धरदियों एवं आसपास के गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
वर्तमान सब-स्टेशनों पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार कम होगा, वोल्टेज में सुधार होगा तथा बिजली आपूर्ति अधिक विश्वसनीय बनेगी। उन्होंने आगे बताया कि इस नए सब-स्टेशन से लगभग 14,806 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा तथा कृषि, घरेलू, व्यावसायिक एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता की बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।लोक निर्माण मंत्री ने गांव धरदियों के निवासियों एवं ग्राम पंचायत का विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 11 कनाल 5 मरले भूमि सर्वसम्मति से पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को निःशुल्क दान में उपलब्ध कराई।
हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के बिजली ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा नए सब-स्टेशनों की स्थापना के माध्यम से प्रत्येक वर्ग को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि धरदियों का यह प्रोजेक्ट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
इस अवसर पर धरदियों तथा आसपास के गांवों के निवासियों ने नए 66 केवी सब-स्टेशन की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान तथा लोक निर्माण मंत्री सरदार हरभजन सिंह ई.टी.ओ. का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा।इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री ने पावरकॉम के अधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रस्तावित सब-स्टेशन स्थल पर पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर पावरकॉम के मुख्य अभियंता जतिंदर कुमार बैंस, अधीक्षण अभियंता मोहतम सिंह, मार्केट कमेटी महिता के चेयरमैन डॉ. गुरजिंदर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अजय गांधी, सरपंच कंवलजीत सिंह सोनी (धरदियों), सरपंच निशान सिंह (धरदियों), प्रगट सिंह बुट्टर, गुरप्रीत सिंह (गग्गड़ भाणा), बलविंदर सिंह (राजधान) सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।