5 Dariya News

अजनाला में ‘मावां धियां सत्कार योजना’ के शुभारंभ पर आप कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

मान सरकार पंजाब के इतिहास में 100 प्रतिशत चुनावी घोषणापत्र लागू करने वाली पहली सरकार : कुलदीप सिंह धालीवाल

5 Dariya News

अमृतसर/अजनाला 01-Jul-2026

आज यहां आम आदमी पार्टी के हल्का स्तरीय मुख्य कार्यालय में ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ के सीधा प्रसारण को देखने के लिए पार्टी के शहरी एवं ग्रामीण नेताओं द्वारा पूरे उत्साह और जोश के साथ विशेष प्रबंध किए गए तथा खुशी के अवसर पर लड्डू बांटे गए। इस कार्यक्रम में हल्का विधायक एवं आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

प्रसारण के उपरांत सरदार धालीवाल ने पार्टी कार्यालय में बड़ी संख्या में पहुंची माताओं-बहनों तथा स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ की लाभार्थी महिलाओं का सम्मानपूर्वक स्वागत किया और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया कि उनकी सरकार ने चुनावी गारंटी के अनुसार 1 जुलाई से सामान्य वर्ग की महिलाओं के खातों में तीन-तीन महीनों की ₹3,000 की वित्तीय सहायता तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के खातों में तीन-तीन महीनों की ₹4,500 की सहायता राशि प्रथम चरण में औपचारिक रूप से जारी की।

अपने संबोधन में सरदार धालीवाल ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता से किए गए सभी चुनावी वादों और गारंटियों को शत-प्रतिशत लागू करने के साथ-साथ अनेक अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं भी लागू की हैं। उन्होंने कहा कि मान सरकार पंजाब के इतिहास में पहली सरकार बन गई है जिसने अपना चुनावी घोषणापत्र पूरी तरह लागू कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले की सरकारें अपने चुनावी घोषणापत्रों को लागू करने में गंभीर लापरवाही बरतती रहीं और मतदाताओं का आर्थिक एवं सामाजिक शोषण करती रहीं।सरदार धालीवाल ने कहा कि ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ का लाभ उन महिलाओं को भी मिलेगा जो पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मान सरकार द्वारा इस योजना को लागू करने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां की गईं, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 50 लाख, 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं का पंजीकरण पूरा हुआ। इनमें से आज 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने इस योजना के लिए ₹9,300 करोड़ का बजट निर्धारित किया है। योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण हेतु पूरे राज्य में 2 लाख महिला सत्कार सखियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त आंगनवाड़ी केंद्रों, सेवा केंद्रों, सुविधा केंद्रों तथा विभिन्न जिलों में उपायुक्तों द्वारा निर्धारित अन्य स्थानों पर भी पंजीकरण का कार्य जारी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो पात्र महिलाएं अभी तक इस योजना का लाभ लेने से वंचित रह गई हैं, वे अपना पंजीकरण करवाकर भविष्य में भी इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगी।इस अवसर पर एडवोकेट अमनदीप कौर धालीवाल, पंजाब अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष गीता गिल, शहरी अध्यक्ष अमित औल, अध्यक्ष भट्टी जसपाल सिंह ढिल्लों, गुरदीप कौर सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता उपस्थित थे।