5 Dariya News

नायब सिंह सैनी ने नारायणगढ़ में भरा एसआईआर गणना प्रपत्र

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में निभाई सहभागिता

5 Dariya News

नारायणगढ़ 01-Jul-2026

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को अपने नारायणगढ़ दौरे के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए रेस्ट हाउस नारायणगढ़ में अपना गणना प्रपत्र स्वयं भरकर बीएलओ को सौंपा। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 129 नंबर बूथ से संबंधित अपना गणना प्रपत्र सावधानीपूर्वक भरने के उपरांत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) राकेश कुमार को सौंपा। 

इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। 

प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना तथा अपात्र नामों को हटाना लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे समय पर अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ के पास जमा करवाएं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में अपना सहयोग दें।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनेगी, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री ने अभियान में जुटे बीएलओ एवं निर्वाचन कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।