5 Dariya News

केवल सिंह ढिल्लों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा

तख़्त श्री हज़ूर साहिब एक्ट संबंधी सलाहकार समिति में प्रमुख सिख विद्वानों को शामिल करने की मांग

5 Dariya News

चंडीगढ़ 01-Jul-2026

भारतीय जनता पार्टी पंजाब के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस  को एक विशेष पत्र लिखकर प्रस्तावित “तख्त सचखंड श्री हजूर अबचलनगर साहिब गुरुद्वारा एक्ट” के संबंध में गठित सलाहकार समिति में उच्च अधिकारियों के साथ-साथ प्रमुख सिख विद्वानों और बुद्धिजीवियों को भी अनिवार्य रूप से शामिल करने की मांग की है।

केवल सिंह ढिल्लों ने अपने पत्र में महाराष्ट्र सरकार द्वारा विधानसभा में इस महत्वपूर्ण एक्ट को पेश करने से पहले सिख हितधारकों, धार्मिक संस्थाओं और विद्वानों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के लिए समिति बनाने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा द्वारा सिख संगत की चिंताओं को उठाए जाने के बाद महाराष्ट्र सरकार और माननीय मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले द्वारा दिखाई गई त्वरित सक्रियता और सकारात्मक प्रतिक्रिया सराहनीय है। 

यह कदम तख्त श्री हजूर साहिब की पवित्रता के प्रति सरकार के सच्चे सम्मान और सिख कौम की धार्मिक स्वायत्तता की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर भी दिलाया कि वर्तमान में गठित पैनल में अधिकांश सदस्य नौकरशाही से जुड़े हुए हैं। 

उन्होंने जोर देकर कहा कि तख्त श्री हजूर साहिब सिख धर्म के पांच पवित्र तख्तों में से एक है और दुनिया भर की सिख संगत की गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र है। इसलिए इस समिति में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ समाज में उच्च प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता रखने वाले सिख विद्वानों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों ने आगे कहा कि सिख बुद्धिजीवियों के शामिल होने से समिति की चर्चा और निर्णयों को सिख संगत में पूर्ण मान्यता और स्वीकृति मिलेगी, जिससे पूरी प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार का संदेह या आशंका नहीं रहेगी। इससे ऐसी सिफारिशें सामने आएंगी जो समूचे पंथ को स्वीकार्य होंगी। 

उन्होंने उम्मीद जताई कि महाराष्ट्र सरकार इस संवेदनशील मांग पर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेगी।