5 Dariya News

महिलाओं को नकद सहायता, नाममात्र और बहुत देर से उठाया गया कदम: अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग

कहा: आप ने महिलाओं के साथ धोखा किया; बकाया राशि भी दी जाए

5 Dariya News

चंडीगढ़ 01-Jul-2026

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने राज्य की महिलाओं को साढ़े चार साल तक मासिक नकद सहायता से वंचित रखकर उनके साथ एक बड़ा धोखा किया है। उन्होंने कहा कि यदि आप सरकार वास्तव में महिलाओं को नकद सहायता देने के प्रति गंभीर है, तो उसे इस पूरे समय की बकाया राशि भी अदा करनी चाहिए।

इस संबंध में, 'मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना' के तहत आप सरकार द्वारा अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1500 रुपये और सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये दिए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, वड़िंग ने कहा कि यह कदम सरकार के कार्यकाल के अंतिम चरण में उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इस सरकार का कार्यकाल अब केवल छह महीने का ही बचा है और यदि यह पूरे छह महीने तक भी सहायता देती है, तब भी यह उस राशि की तुलना में बहुत कम होगी, जिसकी महिलाएं वास्तव में हकदार थीं।

वड़िंग ने जोर देते हुए, कहा कि पांच वर्षों में अनुसूचित जाति की महिलाओं को 90,000 रुपये और सामान्य वर्ग की महिलाओं को 60,000 रुपये मिलने चाहिए थे, लेकिन अब उन्हें क्रमशः केवल 9,000 रुपये और 6,000 रुपये ही मिलेंगे, जो रकम उनकी बनती राशि का मात्र 10 प्रतिशत है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य एक बार फिर लोगों को उसी तरह गुमराह करना है, जैसा चुनावों से पहले किया गया था। 

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि यदि आप यह सोचते हैं कि हर बार हर किसी को गुमराह कर सकते हैं, तो आप बहुत बड़ी गलतफहमी में हैं। इस दौरान वड़िंग ने तेलंगाना और कर्नाटक जैसे कांग्रेस शासित राज्यों का उदाहरण देते हुए, कहा कि वहां सरकार बनने के कुछ ही महीनों के भीतर महिलाओं को मासिक नकद सहायता देना शुरू कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि तेलंगाना में महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने सीधे 2,500 रुपये जमा किए जा रहे हैं, जबकि कर्नाटक में महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस ने इन राज्यों में सरकार का कार्यकाल समाप्त होने का इंतजार नहीं किया था, बल्कि सरकार बनने के एक महीने के भीतर ही यह योजना लागू कर दी थी। 

इसके विपरीत, आप सरकार ने इसमें अनावश्यक देरी की और अब अगले चुनावों से ठीक पहले महिलाओं को नाममात्र की राशि देने की कोशिश कर रही है। वड़िंग ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को तेलंगाना और कर्नाटक की तर्ज पर मासिक नकद सहायता प्रदान की जाएगी।