5 Dariya News

हरचंद सिंह बरसट ने पेरिस स्थित रुंगिस इंटरनेशनल होलसेल मार्केट का किया दौरा

फलों, सब्जियों के विशाल सेक्शन में जाकर अंतरराष्ट्रीय मंडीकरण प्रणाली और आधुनिक तकनीकों का लिया जायज़ा

5 Dariya News

एस.ए.एस. नगर (मोहाली) 30-Jun-2026

कृषि मार्केटिंग के डिजिटलाइजेशन, आधुनिकीकरण और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नेशनल कौंसिल ऑफ स्टेट एग्रीकल्चरल मार्केटिंग बोर्ड्स (कौसांब) के चेयरमैन एवं पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट ने फ्रांस के पेरिस स्थित विश्व प्रसिद्ध रुंगिस इंटरनेशनल होलसेल मार्केट का विशेष दौरा किया।

इस दौरे का मुख्य उद्देश्य ताज़ा कृषि उत्पादों की मंडी की कार्यप्रणाली, अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं विपणन प्रणाली और आधुनिक सप्लाई चेन प्रबंधन का निकट से अध्ययन करना था। चेयरमैन स. हरचंद सिंह बरसट ने रुंगिस मार्केट में फलों, सब्जियों और चीज़ के विशाल सेक्शनों का दौरा किया। 

उन्होंने वहां के प्रबंधकों एवं विशेषज्ञों से मुलाकात कर उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, कोल्ड स्टोरेज और डिजिटल प्रणाली के अंतरराष्ट्रीय मानकों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पेरिस से जानकारी साझा करते हुए स. हरचंद सिंह बरसट ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि विपणन के आधुनिकीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। 

उन्होंने कहा कि पेरिस की इस विश्व प्रसिद्ध मार्केट में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों के बारे में काफी अच्छी जानकारी मिली है। इस अंतरराष्ट्रीय अनुभव एवं प्राप्त जानकारी को फल एवं सब्जी मंडियों में लागू करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि फसलों की बर्बादी कम की जा सके तथा किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके। 

इस दौरे के दौरान वहां की हाई-टेक प्रणाली का भी अध्ययन किया गया, जो भविष्य में कृषि विपणन सुधारों के लिए सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने आगे कहा कि नेशनल कौंसिल ऑफ स्टेट एग्रीकल्चरल मार्केटिंग बोर्ड्स (कौसांब) के चेयरमैन के रूप में उनका प्रयास रहेगा कि पंजाब सहित देश के अन्य राज्यों की मंडियों को भी इसी प्रकार अपग्रेड किया जाए, ताकि किसानों के उत्पादों को खराब होने से बचाया जा सके तथा उपभोक्ताओं तक ताज़े एवं स्वच्छ कृषि उत्पाद पहुंचाए जा सकें।