भाजपा नेता बबलू कोरी को एसडीएम खरड़ का नोटिस
चुनाव आयोग के SIR अभियान में बाधा डालने के आरोप, 30 जून तक मांगा जवाब
5 Dariya News
खरड़ 29-Jun-2026
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी-सह-उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) खरड़ ने नयागांव वार्ड नंबर 18 के Municipal Councillor, भाजपा नेता बबलू कोरी को भारत निर्वाचन आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कार्यक्रम में कथित रूप से बाधा उत्पन्न करने के आरोप में नोटिस जारी किया है। नोटिस के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत पूरे पंजाब में विशेष गहन सुधार (Special Intensive Revision) का कार्य चल रहा है।
इस कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र 052 खरड़ में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) द्वारा प्रत्येक मतदाता से गणना फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। प्रशासन का आरोप है कि बबलू कोरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से SIR कार्यक्रम के संबंध में नकारात्मक टिप्पणियां कर लोगों को गुमराह करने और कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया। शिकायत के समर्थन में फोटो भी संलग्न किए गए हैं।
नोटिस में कहा गया है कि इस प्रकार की गतिविधियों से विधानसभा क्षेत्र 052 खरड़ के मतदाताओं में गलत संदेश जा रहा है तथा BLOs को अपने कार्य के दौरान भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने यह भी आरोप लगाया है कि उक्त गतिविधियां सरकारी कार्य में बाधा डालने, झूठी अफवाहें फैलाने, आम जनता को भड़काने तथा निर्वाचन आयोग की छवि को नुकसान पहुंचाने के समान हैं।
बबलू कोरी को 30 जून 2026 तक अपना लिखित जवाब एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में कहा गया है कि जवाब न देने की स्थिति में मामले को आगे की कार्रवाई के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के पास भेजा जा सकता है।