5 Dariya News

आशीष बुटेल ने पालमपुर नगर निगम की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को दी बधाई

5 Dariya News

पालमपुर 29-Jun-2026

विधायक, पालमपुर विधानसभा क्षेत्र, आशीष बुटेल ने पालमपुर नगर निगम की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सर्वसम्मति से गठन पर महापौर राधा सूद, उपमहापौर नीलम मलिक तथा सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित कार्यकारिणी आपसी समन्वय एवं जनहित की भावना के साथ कार्य करते हुए पालमपुर नगर के समग्र एवं संतुलित विकास को नई गति प्रदान करेगी। 

उन्होंने कहा कि नगर निगम की सशक्त एवं सक्रिय कार्यप्रणाली से नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ विकास कार्यों में भी तेजी आएगी। विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण इकाई हैं। इनके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। 

उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि पालमपुर नगर निगम राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियों एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सकारात्मक भूमिका निभाते हुए आमजन की आकांक्षाओं पर खरा उतरेगा। उन्होंने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से विकास, पारदर्शिता एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पालमपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श नगर बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।