5 Dariya News

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 : चंडीगढ़ में दो दिवसीय विशेष शिविरों को मतदाताओं का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद

5 Dariya News

चंडीगढ़ 28-Jun-2026

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा करने हेतु 27 एवं 28 जून, 2026 को संघ राज्य क्षेत्र चंडीगढ़ के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने इन शिविरों में पहुंचकर अपने गणना प्रपत्र जमा किए। शिविरों के सफल आयोजन में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) ने समर्पित भाव से कार्य करते हुए मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने एवं जमा करने में आवश्यक सहायता प्रदान की। 

अब तक प्राप्त गणना प्रपत्रों में से 35 प्रतिशत से अधिक का डिजिटलीकरण भी बीएलओ द्वारा किया जा चुका है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 14 मई, 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तृतीय चरण की समय-सारिणी घोषित की गई थी। 

इसके अनुसार चंडीगढ़ में गणना प्रक्रिया 15 जून, 2026 से प्रारम्भ हुई। अभियान के पहले ही सप्ताह में बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत वितरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। संघ राज्य क्षेत्र चंडीगढ़ में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने का अभियान निरंतर जारी है। 

जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, वे अपने क्षेत्र के बीएलओ को घर-घर भ्रमण के दौरान विधिवत भरा हुआ प्रपत्र सौंप सकते हैं अथवा ईसीआईनेट पोर्टल (ecinet.eci.gov.in) या ईसीआईनेट मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए नागरिक ईसीआईनेट ऐप एवं पोर्टल पर उपलब्ध “बुक ए कॉल” सुविधा के माध्यम से अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। 

इसके अतिरिक्त विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए 24×7 उपलब्ध वोटर हेल्पलाइन 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।