बेंगलुरु में टनल रोड परियोजना का शिलान्यास
12 घंटे में बना सबसे ज्यादा पौधे लगाने पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
5 Dariya News
बेंगलुरु 28-Jun-2026
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को बेंगलुरु में मेखरी सर्किल से हेब्बल जंक्शन तक बनने वाली सुरंग सड़क (टनल रोड) परियोजना का शिलान्यास किया। इस मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शिलान्यास कार्यक्रम में मंत्री केजे जॉर्ज, कृष्णा बायरे गौड़ा और बायरथी सुरेश, बेंगलुरु विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अध्यक्ष एवं विधायक एनए हैरिस, एमएलसी नागराज यादव, अतिरिक्त मुख्य सचिव तुषार गिरिनाथ, बीडीए के मुख्य आयुक्त मणिवन्नन, जीबीए के मुख्य आयुक्त महेश्वर राव सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
मेखरी सर्कल से हेब्बल जंक्शन तक जाने वाली टनल रोड एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, जिसे उत्तरी बेंगलुरु में भारी ट्रैफिक वाले बल्लारी रोड पर भीड़ कम करने के लिए शुरू किया गया है। इसी बीच बेंगलुरु को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। 27 जून को बेंगलुरु में आयोजित मेगा ग्रीन ड्राइव के दौरान 12 घंटे के भीतर कई स्थानों पर टीम द्वारा सबसे अधिक पौधे लगाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।
इस उपलब्धि पर डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर खुशी जताते हुए लिखा कि उन्हें बीडीए अध्यक्ष एनए हैरिस के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र प्राप्त कर बेहद खुशी हुई है। उन्होंने बताया कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि 27 जून को केम्पेगौड़ा जयंती के अवसर पर आयोजित मेगा ग्रीन ड्राइव के दौरान हासिल की गई।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि बेंगलुरु विकास प्राधिकरण और 50 हजार से अधिक नागरिकों के सामूहिक संकल्प और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। डीके शिवकुमार ने इस अभियान को सफल बनाने वाले सभी लोगों का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि सभी का साझा प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए बेंगलुरु को हरा-भरा, जीवंत और टिकाऊ शहर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह उपलब्धि शहर के हरित भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम है।