नागपुर हवाई अड्डा मध्य भारत के लिए एक प्रमुख विकास प्रेरक के रूप में उभरेगा : नितिन गडकरी
उन्नत हवाई अड्डा विदर्भ में व्यापार, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स, खनन और निवेश को बढ़ावा देगा
5 Dariya News
नागपुर 25-Jun-2026
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने आज कहा कि नागपुर स्थित डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का आधुनिकीकरण और विस्तार, संपर्क सुविधा को सुदृढ़ करके, निवेश आकर्षित करके, रोजगार का सृजन करके तथा विदर्भ में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देकर मध्य भारत के आर्थिक परिदृश्य को उल्लेखनीय रूप से मजबूत करेगा।
श्री गडकरी सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत नागपुर के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को औपचारिक रूप से जीएमआर समूह को सौंपे जाने हेतु आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री के. राममोहन नायडू, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस, रामटेक के सांसद श्री श्यामकुमार बर्वे, राज्यसभा सांसद श्री प्रफुल्ल पटेल तथा श्रीमती माया इवनाते की गरिमामयी उपस्थिति ने इस समारोह की शोभा बढ़ाई।
भारत के भौगोलिक केंद्र में स्थित नागपुर के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि यह शहर तेजी से व्यापार, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण, वाणिज्य तथा बहु-माध्यम परिवहन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे का विस्तार और आधुनिकीकरण मध्य भारत में आर्थिक विकास के एक प्रमुख प्रेरक के रूप में नागपुर की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर बल दिया कि उन्नत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा विदर्भ क्षेत्र में पर्यटन, खनन, कृषि तथा निर्यातोन्मुख उद्योगों के विकास को गति देने में परिवर्तनकारी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि उन्नत विमानन अवसंरचना और बेहतर संपर्क सुविधा से यात्रियों तथा माल की आवाजाही में वृद्धि होगी, जिससे क्षेत्रीय विकास को समर्थन मिलेगा और नए व्यावसायिक अवसर सृजित होंगे।
श्री गडकरी ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से आग्रह किया कि वह नागपुर से सिंगापुर और दुबई जैसे प्रमुख वैश्विक गंतव्यों के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि ऐसी संपर्क सुविधा व्यापार, पर्यटन, निवेश तथा व्यापार विनिमय को बढ़ावा देगी, साथ ही वैश्विक बाजारों के साथ नागपुर के एकीकरण को भी सुदृढ़ करेगी।
स्थानीय उत्पादों और संस्कृति के संवर्धन के महत्व को रेखांकित करते हुए श्री गडकरी ने सुझाव दिया कि नागपुर की प्रसिद्ध ऑरेंज बर्फी तथा अन्य क्षेत्र विशिष्ट उत्पादों को हवाई अड्डे पर प्रदर्शित किया जाए, जिससे स्थानीय उद्यमियों को अधिक पहचान मिलेगी और विदर्भ की सांस्कृतिक पहचान को मज़बूती मिलेगी। श्री गडकरी ने श्री के. राममोहन नायडू और श्री देवेंद्र फडणवीस के साथ मिलकर डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए लोगो का अनावरण किया, जो हवाई अड्डे की विकास यात्रा के एक नए अध्याय का प्रतीक है।
केंद्रीय मंत्री ने हवाई अड्डे के लिए दीर्घकालिक विकास योजनाओं का स्वागत किया, जिनमें आधुनिक कार्गो सुविधाओं, अवसंरचना का अनुरक्षण, मरम्मत एवं ओवरहॉल (एमआरओ) तथा उन्नत यात्री सुविधाओं का विकास शामिल है। इन पहलों से नागपुर के हवाई अड्डा-आधारित आर्थिक पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में उभरने को समर्थन मिलने तथा लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक केंद्र के रूप में उसकी भूमिका के सुदृढ़ होने की अपेक्षा है।
अपना आभार व्यक्त करते हुए श्री गडकरी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री के. राममोहन नायडू को उनके दूरदर्शी नेतृत्व और देशभर में विश्व-स्तरीय अवसंरचना के निर्माण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी परिवर्तनकारी परियोजनाएं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं, संपर्क सुविधा में सुधार कर रही हैं तथा नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बना रही हैं।
पीपीपी मॉडल के तहत नागपुर हवाई अड्डे के हस्तांतरण से अवसंरचना विकास के एक नए युग का सूत्रपात होने की अपेक्षा है। चरणबद्ध विस्तार योजनाओं के माध्यम से यात्री तथा कार्गो प्रबंधन क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि करने, निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन करने तथा मध्य भारत में क्षेत्रीय संपर्क सुविधा को सुदृढ़ करने का लक्ष्य रखा गया है।