5 Dariya News

मध्य प्रदेश में 10 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतरे : सीएम मोहन यादव

5 Dariya News

भोपाल 24-Jun-2026

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य में औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज है और अब तक 10 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतर चुके हैं । राजधानी भोपाल में आयोजित विकसित मध्य प्रदेश कांक्लेव के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य की औद्योगिक मित्र नीतियों का हवाला देते हुए कहा कि जो एक बार मध्यप्रदेश आता है, यहीं का होकर रह जाता है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मौके पर राज्य सरकार द्वारा निवेशकों के लिए दी जा रही सुविधाएं और राज्य में उपलब्ध बिजली, सड़क, पानी सहित अन्य सुविधाओं का हवाला देते हुए निवेशकों को प्रदेश की संभावनाओं से अवगत कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश दो ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। 

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की उद्योग अनुकूल नीतियों और पारदर्शी व्यवस्था के परिणामस्वरूप अब तक प्राप्त निवेश प्रस्तावों में से लगभग 10 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। मध्यप्रदेश आज देश के सबसे तेजी से प्रगति करने वाले राज्यों में शामिल है। दरअसल राज्य में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। 

एक तरफ जहां भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट आयोजित की जा चुकी है तो वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव कई देशों का दौरा कर निवेशकों को राज्य में आमंत्रित कर चुके हैं। इसके अलावा राज्य में क्षेत्र स्तर पर रीजनल कान्क्लेव का भी आयोजन भी राज्य सरकार की ओर से किया जा रहा है। राज्य सरकार के इन प्रयासों से निवेशकों में भरोसा बढ़ा है और तेजी से निवेश भी हो रहा है।