5 Dariya News

पंजाब सरकार ने तीन ज़िलों में दिल की स्वास्थ्य जांच के लिए ए.आई. आधारित उपकरण स्थापित करने हेतु सी.एच.आर.आई. के साथ साझेदारी की

स्वास्थ्य विभाग द्वारा डॉ. बलबीर सिंह की उपस्थिति में समझौता हस्ताक्षरित; ज़मीनी स्तर पर अत्याधुनिक तकनीकी से इलाज सेवाएं संभव होंगी

5 Dariya News

चंडीगढ़ 19-Jun-2026

राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पंजाब के सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और सुधारने के लिए सेंटर फॉर हेल्थ रिसर्च एंड इनोवेशन (सीएचआरआई) के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

इस साझेदारी का उद्देश्य अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) को सीधे ज़मीनी स्तर पर लागू करना और स्वास्थ्य सेवा सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में नवीन तकनीकियों का उपयोग करना है। इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत पंजाब के तीन ज़िलों — पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और फतेहगढ़ साहिब — में नवीन एआई-आधारित तकनीकी उपकरण स्थापित किए जाएंगे, जो लोगों की स्वास्थ्य जांच और दिल व सांस की समस्याओं का शीघ्र पता लगाने में मदद करेंगे।

तकनीकी की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि इस पहल के तहत उन्नत एआई-आधारित ईसीजी उपकरण और एआई स्टेथोस्कोप स्थापित किए जाएंगे। इसमें सनफॉक्स स्पैंडन ईसीजी उपकरण शामिल है जो तेजी से दिल की स्वास्थ्य जांच करता है और उन व्यक्तियों, खासकर दिल की गंभीर समस्याओं वाले मरीजों की पहचान में मदद करता है जिन्हें तुरंत रेफरल की आवश्यकता होती है। 

उन्होंने कहा कि इसके अलावा एआई-आधारित डिजिटल स्टेथोस्कोप (एआई स्टेथ) का उपयोग बच्चों में दिल की समस्याओं की स्क्रीनिंग में मदद करेगा, जिससे इलाज की जरूरत वाले बच्चों को समय पर संबंधित डॉक्टर के पास रेफर किया जा सकेगा। इन ए.आई. आधारित उपकरणों के बारे में स्वास्थ्य कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो नई तकनीकी को नियमित सेवा प्रणाली में सहज और प्रभावी ढंग से एकीकृत करने को सुनिश्चित करेगा। 

यह साझेदारी भविष्य में पूरे पंजाब के स्वास्थ्य ढांचे में एआई-आधारित तकनीकियों को अपनाने के संबंध में इंप्लीमेंटेशन लर्निंग प्रदान करने में भी मदद करेगी। इस प्रोजेक्ट के प्रभाव पर बोलते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि इन एआई तकनीकी आधारित उपकरणों को स्थापित करने का मतलब है कि अब हमारे लोगों के लिए तेजी से अधिक सटीक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जो दिल की गंभीर समस्याओं का जल्दी पता लगाने मंा सक्षम होगी। 

यह पहल केवल उन्नत उपकरण स्थापित करने के बारे में नहीं है, बल्कि फ्रंटलाइन स्वास्थ्य सेवा क्षमता को मजबूत करने, रेफरल प्रक्रिया को बेहतर बनाने और पूरे राज्य में भविष्य के लिए तथ्य-आधारित प्रमाण तैयार करने के बारे में है। तकनीकी रूप से पूरी तरह सक्षम स्वास्थ्य सेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि तकनीकी हमारी स्वास्थ्य सेवा के तरीकों को बदल रही है और पंजाब इसमें अग्रणी भूमिका निभा रहा है।