5 Dariya News

धवाला ने मंडल भाजपा की विशेष बैठक में चुनावों की समीक्षा की

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

धर्मशाला 01-Dec-2012

खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री रमेश धवाला ने नागनी माता मंदिर सपड़ी ज्वालामुखी में मंडल भाजपा की विशेष बैठक में बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करते हुए जहां हाल ही में संपन्न हुए चुनावों की समीक्षा की, वहीं भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के लिए भी कार्यकर्ताओं को तैयार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा मिशन रिपीट करेगी और 40 से अधिक सीटें भाजपा जीत कर प्रदेश में एक बार फिर धूमल के नेतृत्व में सशक्त व मजबूत सरकार बनाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि देश भर में लोग भ्रष्टाचार से तंग हैं। आए दिन कांग्रेसी नेताओं के भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। कांग्रेस सरकार को उनके अपने सहयोगी दल बारी-बारी छोड़ते जा रहे हैं। जो बचे हैं, वे भी तैयारी कर रहे हैं। रसोई गैस, तेल की कीमतों में दिनोंदिन हो रही बढ़ोतरी से आम आदमी पिस कर रह गया है। कांग्रेसी नेताओं का विदेशी बैंकों में अरबों रुपए पड़े हैं। भाजपा ने उन लोगों के नाम सार्वजनिक करने को कहा, जिन्होंने विदेशी बैंकों में पैसा जमा करवाया है तो कांग्रेस वाले न तो पैसा वापस ला रहे हैं और न ही उनके नाम सार्वजनिक कर रहे हैं। आज देश की हालत नाजुक है। देश का गरीब आदमी भूख, कर्जे तले दब कर मर रहा है। देश में अब भाजपा सरकार आएगी, तभी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार की तरह एक ईमानदार व सशक्त सरकार सामने आएगी, जो विदेशों से पैसा भी वापस लाएगी। विदेशी बैंकों में पैसा जमा करवाने वालों को पर्दाफाश भी करेगी। इस मौके पर ज्वालामुखी मंडल भाजपा के अध्यक्ष कै . कर्मचंद, महामंत्री विमल चौधरी, भाजपा नेता कमल हमीरपुरी, नंदीश्वर शर्मा, ज्योति शंकर, गया प्रसाद पाधा, कुशल ठाकुर, विपिन शर्मा, शाम बिहारी, पूनम, कृष्ण स्वरूप, मधुसूदन, अश्वनी शर्मा पुजारी, शिंपु शर्मा व अन्य लगभग दो सौ कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने चुनावों के दौरान गतिविधियों की चर्चा की व भितरघातियों की भी कलई खोली। भाजपा नेताओं ने सुझाव दिया कि अब परफार्मेेंस के आधार पर भाजपा के लोगों को सरकार व संगठन में औहदे दिए जाएंगे, ताकि काम करने वाले लोगों को मौका मिल सके।