श्री अकाल तख्त साहिब को चुनौती देना अक्षम्य अपराध, भगवंत मान और पूरा मंत्रिमंडल तत्काल इस्तीफा दे : तरुण चुग
जिन्हें अकाल तख्त साहिब ने ‘गुरु द्रोही’ और ‘सिख विरोधी’ कहा, उन्हें एक पल भी सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार नहीं : तरुण चुग
5 Dariya News
अमृतसर 18-Jun-2026
राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि आज अत्यंत दुख और पीड़ा का विषय है कि श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी द्वारा स्थापित श्री अकाल तख्त साहिब जैसी सर्वोच्च धार्मिक संस्था को पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार चुनौती देने का दुस्साहस कर रही है। चुग ने कहा कि जब श्री अकाल तख्त साहिब ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को तलब कर वीडियो विवाद के संबंध में जवाब मांगा, तब मुख्यमंत्री ने दावा किया कि संबंधित वीडियो एआई से बनाई गई हैं और उनकी जांच कराई जाए।
लेकिन दो स्वतंत्र और प्रमाणिक एजेंसियों द्वारा की गई जांच ने स्पष्ट कर दिया कि वीडियो वास्तविक हैं, उनमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं हुई है और मुख्यमंत्री का दावा पूरी तरह असत्य था। चुग ने कहा कि स्वयं अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां अमर्यादित, असामाजिक, गैर जिम्मेदाराना और अत्यंत आपत्तिजनक हैं।
उन्होंने कहा कि जब पंजाब के मुख्यमंत्री को अकाल तख्त साहिब द्वारा ‘गुरु द्रोही’ और ‘सिख विरोधी’ घोषित किया जा चुका है तथा सामाजिक रिश्ते तोड़ने जैसी गंभीर टिप्पणी की गई है, तब भगवंत मान को एक क्षण भी मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक, सामाजिक और राजनीतिक अधिकार नहीं बचता। उन्हें अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ तत्काल इस्तीफा देकर अकाल तख्त साहिब के समक्ष प्रस्तुत होकर पश्चाताप करना चाहिए।
चुग ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पश्चाताप करने के बजाय अहंकार में डूबकर अकाल तख्त साहिब को ही चुनौती दे रहे हैं। अकाल तख्त साहिब समस्त नानक नाम लेवा संगत के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन और सर्वोच्च सम्मान का केंद्र है। उसकी मर्यादा पर प्रश्नचिह्न लगाना और उसके निर्णयों पर राजनीतिक चुनौती खड़ी करना अत्यंत गंभीर अपराध है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति ‘एक तो चोरी, ऊपर से सीना जोरी’ जैसी है। इतिहास गवाह है कि अहंकार कभी स्थायी नहीं रहता और सत्ता का मद अंततः विनाश का कारण बनता है। चुग ने कहा कि उन्होंने आज पवित्र धाम में माथा टेककर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शीघ्र विकसित भारत के निर्माण, विश्व शांति तथा पंजाब की समृद्धि के लिए अरदास की है।
उन्होंने कहा कि पंजाब को आर्थिक संकट, नशे के जाल और गैंगस्टर संस्कृति से बाहर निकालना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। लेकिन भगवंत मान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। मुख्यमंत्री दो बार नशे के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर चुके हैं, लेकिन पंजाब की सड़कों और गांवों में आज भी नशे का खुला कारोबार चल रहा है और जनता स्वयं इसके दुष्परिणाम झेल रही है।
भाजपा पंजाब अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की धरती गुरुओं, शहीदों और महान परंपराओं की धरती है। किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति को यह अधिकार नहीं दिया जा सकता कि वह सिख मर्यादा और अकाल तख्त साहिब जैसी सर्वोच्च संस्था के सम्मान को चुनौती दे। पंजाब की जनता इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से देख रही है और समय आने पर इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी।
ढिल्लों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब की अस्मिता, पंजाबियत और सिख परंपराओं के सम्मान के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पंजाब को नशा मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा आने वाले समय में पंजाब में डबल इंजन सरकार स्थापित कर राज्य को विकास की नई दिशा दी जाएगी।