नाकाम कोशिश कर रही है आप: मान के कमजोर बचाव पर अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का तंज
सवाल: आप ने 24 घंटे में फॉरेंसिक रिपोर्टें कैसे हासिल कीं?
5 Dariya News
चंडीगढ़ 18-Jun-2026
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान के पक्ष में किए जा रहे “कमजोर बचाव” पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी ऐसी बात का बचाव करने की कोशिश कर रही है, जिसका बचाव किया ही नहीं जा सकता। जिन्हें श्री अकाल तख्त साहिब ने भगवंत मान को “गुरु विरोधी और सिख विरोधी” करार दिया गया है।
इस संबंध में, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा आज कुछ अज्ञात प्रयोगशालाओं की कथित रिपोर्टों का हवाला देकर किए गए दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए, वड़िंग ने कहा कि आप असंभव का बचाव करने की कोशिश कर रही है और एक के बाद एक झूठ बोल रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री को “क्लीन चिट” देने के लिए आम आदमी पार्टी ने मात्र 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग प्रयोगशालाओं से रिपोर्टें कैसे हासिल कर लीं।
उन्होंने तंज कसते हुए, कहा कि जब आपको पता था कि झूठ बोलना है, तो कम से कम ढंग से तो झूठ बोल लेते और कुछ समय का इंतजार कर लेते। उन्होंने आप नेताओं से पूछा कि आखिर 24 घंटे के भीतर प्राप्त इन “क्लीन चिट” रिपोर्टों पर कौन विश्वास करेगा? वड़िंग ने कहा कि आप का बचाव पक्ष बेहद कमजोर है और पार्टी अपने ही पहले के रुख का खंडन कर रही है।
उन्होंने याद दिलाया कि कुछ महीने पहले जब मुख्यमंत्री मान श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश हुए थे, तब उन्होंने सीधे तौर पर यह कहकर वीडियो को खारिज कर दिया था कि वे एआई के जरिए तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब यह साबित हो गया कि वीडियो वास्तविक हैं और एआई से तैयार नहीं किए गए, तो आप का बचाव बदलकर यह हो गया कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मान नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को सुझाव दिया था कि वे जहां चाहें, वीडियो की फॉरेंसिक जांच करवा लें। वड़िंग ने आप से यह भी पूछा कि जब ये वीडियो कई महीनों से सार्वजनिक रूप से प्रसारित हो रहे थे, तब कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई। अब ही क्यों और इतनी जल्दी क्यों? उन्होंने कहा कि आज आप द्वारा दिया गया बचाव जवाब कम और सवाल अधिक खड़े करता है तथा इससे लोगों के बीच यह धारणा और मजबूत हुई है कि आम आदमी पार्टी लगातार झूठ बोलने वाली पार्टी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वे सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब के साथ किसी भी प्रकार के टकराव से बचें। उन्होंने मान को चेतावनी देते हुए कहा कि आप जिस तरीके से श्री अकाल तख्त साहिब का सामना कर रहे हैं, इतिहास शायद आपके साथ नरमी से पेश न आए।