राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार’ के तहत पटियाला में जनसुनवाई, महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा पर जोर
5 Dariya News
पटियाला 17-Jun-2026
राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती विजया रहाटकर ने आज पटियाला में आयोजित ‘राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार’ जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान 45 से अधिक मामलों में महिलाओं की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुलभ, संवेदनशील और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराना आयोग की प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, यौन अपराध, आत्महत्या तथा अन्य महिला-संबंधी मामलों की सुनवाई की गई। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पटियाला के उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वरुण शर्मा उपस्थित रहे। मीडिया से बातचीत करते हुए श्रीमती रहाटकर ने कहा कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा, चरित्र हनन और असंवेदनशील व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने सभी विभागों से महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशील एवं जवाबदेह दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। जनसुनवाई के उपरांत उन्होंने पटियाला मंडल के उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण, पुलिस-सिविल प्रशासन के समन्वय तथा शिकायतों की नियमित समीक्षा पर जोर दिया गया।
श्रीमती रहाटकर ने आयोग की ‘तेरे मेरे सपने’ पहल को जिला स्तर पर लागू करने का सुझाव दिया तथा अधिकारियों से महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने नशे से प्रभावित महिलाओं और साइबर अपराधों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए आयोग के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त, चेयरपर्सन श्रीमती विजया रहाटकर ने थापर विश्वविद्यालय में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम (पोश) विषयक कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने आईटीबीपी परिसर में आयोजित एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग कार्यक्रम में भाग लिया तथा शिक्षा, खेल और कौशल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली छह बालिकाओं को सम्मानित किया।
अपने विभिन्न कार्यक्रमों और संवादों के दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, संस्थागत जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। मीटिंग के दौरान डीआईजीपटियाला रेंज कुलदीप सिंह चहल, डिप्टी कमिश्नर बरनाला हरप्रीत सिंह, एसएसपी संगरूर रवजोत ग्रेवाल, एसएसपी बरनाला मोहम्मद सरफराज अमल और एसएसपी मालेरकोटला गुरमीत सिंह के साथ पटियाला एडीसी अर्बन डेवलपमेंट नवरीत कौर सेखों और दूसरे जिलों के एडीसीज और एसपीज समेत डिस्ट्रिक्ट सोशल सिक्योरिटी और प्रोग्राम ऑफिसर और दूसरे अधिकारी भी मौजूद थे।