5 Dariya News

महिला मोर्चा ने नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवनशैली संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प, कम ईंधन व जीरो ऑयल रेसिपी कार्यक्रम का आयोजन

5 Dariya News

चंडीगढ़ 16-Jun-2026

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, चंडीगढ़ द्वारा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा के नेतृत्व में आज प्रदेश कार्यालय कमलम, सेक्टर-33 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए "कम ईंधन एवं जीरो ऑयल रेसिपी" कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ खान-पान को बढ़ावा देना, ऊर्जा की बचत के प्रति जागरूकता फैलाना तथा परिवारों में पोषणयुक्त भोजन की संस्कृति को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों में कम ईंधन का उपयोग करते हुए तथा बिना तेल के विभिन्न पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए। सभी बहनों ने अपने द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों को प्रदेश कार्यालय कमलम में प्रदर्शित किया और सामूहिक रूप से इस पहल में भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम में भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा, प्रदेश पदाधिकारी तथा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर इन स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों का स्वाद ग्रहण किया तथा महिला मोर्चा की इस अभिनव पहल की सराहना की। प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खाद्य तेल के अत्यधिक उपयोग को कम करने का जो संदेश दिया गया है, वह समाज के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। 

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य करेगा, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी मजबूती प्रदान करेगा। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा ने कहा कि महिला मोर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। 

उन्होंने सभी महिलाओं से स्वस्थ एवं संतुलित भोजन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा कम ईंधन और जीरो ऑयल रेसिपी को अपनाने का आह्वान किया। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाते हुए अधिक से अधिक परिवारों को स्वस्थ एवं संतुलित भोजन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी।