5 Dariya News

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने 50 युवाओं के लिए पब्लिक पॉलिसी इंटर्नशिप शुरू की

पटियाला जिला प्रशासन की अनूठी पहल, युवाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं जननीतियों का वास्तविक अनुभव प्रदान करने हेतु ‘पब्लिक पॉलिसी इंटर्नशिप प्रोग्राम’ का शुभारंभ

5 Dariya News

पटियाला 16-Jun-2026

जिला प्रशासन पटियाला की अनूठी पहल के तहत युवाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं जननीतियों का वास्तविक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू किए गए दो माह के ‘पब्लिक पॉलिसी इंटर्नशिप प्रोग्राम’ के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों के साथ डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने सीधा संवाद किया। इस विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवा इंटर्न्स से परिचय प्राप्त करते हुए उन्हें सरकारी नीतियों के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिले के विकास कार्यों में अपना बहुमूल्य योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो (डी.बी.ई.ई.), पटियाला द्वारा डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में तैयार किए गए इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित इंटर्न्स से संवाद करते हुए डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि विभिन्न विभागों में इंटर्न के रूप में प्राप्त अनुभव उनके भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए 400 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 50 इंटर्न्स का चयन किया गया है।

डिप्टी कमिश्नर ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि एवं रुचियों की जानकारी प्राप्त करते हुए उनकी योग्यता का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को उसकी शैक्षणिक योग्यता एवं व्यक्तिगत रुचि के आधार पर विभिन्न सरकारी विभाग आवंटित किए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने तथा उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के माध्यम से द्विपक्षीय सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा। एक ओर प्रशासनिक विभागों को युवाओं की नई सोच और ऊर्जा का लाभ मिलेगा, वहीं दूसरी ओर इंटर्न्स को सरकारी कार्यप्रणाली की बारीकियों को निकट से समझने और सीखने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके भविष्य के करियर में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा तथा जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी किया जाने वाला प्रमाण-पत्र भी रोजगार के अवसरों के दौरान उनके लिए लाभकारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि अक्सर लोग व्यवस्था में कमियों की चर्चा करते हैं, लेकिन जब युवा स्वयं सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को निकट से देखेंगे तो वे अपने अनुभव के आधार पर उसे और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव एवं सलाह भी दे सकेंगे। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि सभी इंटर्न्स अब विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अलग-अलग परियोजनाओं पर कार्य करेंगे। 

इस संपूर्ण इंटर्नशिप कार्यक्रम एवं परियोजना की निगरानी डी.बी.ई.ई. के डिप्टी सी.ई.ओ. सतिंदर सिंह तथा करियर काउंसलर डॉ. रूपसी पाहूजा द्वारा की जाएगी। इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन कार्यालय से डी.एम.सी. डॉ. जसविंदर सिंह, रेड क्रॉस के सचिव डॉ. प्रीतपाल सिंह, जिला खेल अधिकारी नवजोत सिंह, जिला सूचना अधिकारी हरकृष्ण सिंह तथा जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) कार्यालय सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।