'चुनौतियों के बावजूद पीएम मोदी ने जनता को दी राहत', पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पर प्रह्लाद जोशी का बयान
5 Dariya News
विजयवाडा (आंध्र प्रदेश) 16-Jun-2026
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कई तरह की उथल-पुथल देखने को मिली, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पेट्रोल और डीजल की कोई बड़ी कमी नहीं होने दी गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल में यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में प्रह्लाद जोशी ने कहा, "मैं देशवासियों से कहना चाहता हूं कि भारत में पेट्रोल और डीजल के पर्याप्त प्राकृतिक भंडार नहीं हैं। इनकी आपूर्ति के लिए हमें अन्य देशों पर निर्भर रहना पड़ता है। हमारे यहां मुख्य रूप से कोयले के भंडार हैं। वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रहीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
इसके लिए हमें उनका धन्यवाद करना चाहिए।" उन्होंने आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में अमरावती के विकास का भी समर्थन किया। उनके अनुसार, इस संबंध में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और राज्य के गणमान्य व्यक्तियों ने प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी और अमरावती को राजधानी के रूप में विकसित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इस विषय को अनावश्यक रूप से विवाद का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए और अमरावती को राजधानी के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अमरावती के विकास के लिए 15,000 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई है।
उनका कहना था कि इस राशि का उद्देश्य राजधानी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का विकास करना, रेल नेटवर्क का विस्तार करना और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करना है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन्हीं सब स्थिति को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार की ओर से फंड जारी किया गया है, जिसका आगामी दिनों में समुचित इस्तेमाल किया जाए, ताकि प्रदेश में विकास के कामों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पूर्व में विकास कार्यों के कारण हैदराबाद का विस्तार हुआ, उसी प्रकार अमरावती में भी व्यापक विकास किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने रूपरेखा तैयार कर ली है और इसे जल्द ही जमीन पर उतारा जाएगा।