गुलाब चंद कटारिया ने राजस्थान विधानसभा की लोक लेखा समिति के सदस्यों एवं उनके परिजनों से की भेंट
5 Dariya News
चंडीगढ़ 15-Jun-2026
पंजाब के राज्यपाल एवं संघ राज्य क्षेत्र चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ में राजस्थान विधानसभा की लोक लेखा समिति (पीएसी) के सदस्यों एवं उनके परिजनों से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए श्री कटारिया ने सुशासन, वित्तीय जवाबदेही, पारदर्शिता तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि लोक लेखा समितियां सार्वजनिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को सुनिश्चित करने के साथ-साथ शासन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न राज्यों की विधायी संस्थाओं के बीच संवाद एवं अनुभवों का आदान-प्रदान लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
उन्होंने आगंतुकों को पंजाब एवं चंडीगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से भी अवगत कराया तथा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकासात्मक पहलों एवं प्रशासनिक नवाचारों की जानकारी दी। यह संवाद अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।
समिति के सदस्यों एवं उनके परिजनों ने राज्यपाल के साथ अनौपचारिक चर्चा की तथा पंजाब लोक भवन में उन्हें प्रदान किए गए आतिथ्य की सराहना की।