5 Dariya News

नीट पेपर लीक के खिलाफ पंजाब यूथ कांग्रेस का विशाल मशाल मार्च

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का बीजेपी सरकार पर आरोप

5 Dariya News

मोहाली 15-Jun-2026

पंजाब यूथ कांग्रेस ने आज नीट परीक्षा में हुई गंभीर अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों के विरोध में बीजेपी सरकार के खिलाफ एक विशाल मशाल मार्च निकाला। यह मार्च गुरुद्वारा श्री अंब साहिब, फेज-8, मोहाली में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब जी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

इस विरोध प्रदर्शन में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग जी, पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रभारी डॉ. समरूती रंजन लेंका जी, पंजाब यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए श्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग जी ने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं ने युवाओं के भविष्य को अनिश्चितता के दौर में धकेल दिया है।

उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और त्याग करने वाले विद्यार्थियों को निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली मिलनी चाहिए, न कि सरकारी विफलताओं के कारण अन्याय। मीडिया को संबोधित करते हुए भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उदय भानु चिब जी ने कहा कि नीट पेपर लीक केवल एक परीक्षा में हुई अनियमितता नहीं, बल्कि देशभर के लाखों छात्रों के सपनों, मेहनत और भविष्य पर सीधा हमला है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के शासनकाल में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक, परीक्षा घोटालों और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं ने छात्रों का परीक्षा प्रणाली से विश्वास उठाने का काम किया है। देश का युवा पहले ही बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहा है और ऐसे घटनाक्रम उनकी निराशा और असुरक्षा को और बढ़ा रहे हैं।

श्री उदय भानु चिब जी ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए इसमें शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस छात्रों की आवाज बुलंद करती रहेगी और न्याय मिलने तक उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रभारी डॉ. समरुती रंजन लेंका जी ने कहा कि देश का भविष्य उसके युवाओं पर निर्भर करता है और मेहनती छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यूथ कांग्रेस छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों से लेकर हर मंच तक अपना संघर्ष जारी रखेगी। मशाल मार्च के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और छात्रों को न्याय मिलने तक अपनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।