जनजातीय संग्रहालय, केलांग में आज जिला लाहौल-स्पीति के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों एवं उप-प्रधानों का शपथ ग्रहण आयोजित
उप मुख्य सचेतक एवं विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया ने सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को दी पद एवं गोपनीयता की शपथ
5 Dariya News
लाहौल-स्पीति 15-Jun-2026
जनजातीय संग्रहालय, केलांग में आज जिला लाहौल-स्पीति के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों एवं उप-प्रधानों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में माननीय उप मुख्य सचेतक एवं विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया ने सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा तथा उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उपायुक्त लाहौल स्पीति किरण भड़ाना ने कार्यक्रम के मुख्यथिति उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया एवं विधायक लाहौल स्पीति अनुराधा राणा का स्थानीय परंपरा के अनुसार स्वागत किया ।
विधायक अनुराधा राणा ने अपने स्वागत संबोधन में उप मुख्य सचेतक एवं विधायक शाहपुर श्री केवल सिंह पठानिया का लाहौल-स्पीति आगमन पर हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने जिले के सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास, जनकल्याण तथा ग्रामीण उत्थान के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
अपने संबोधन में उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से भी शुभकामनाएं प्रेषित करते हैं। उन्होंने पंचायत चुनावों के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों की सफलता पंचायतों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग पर निर्भर करती है।
उन्होंने सभी प्रधानों एवं उप-प्रधानों से इन जनहितकारी अभियानों को गांव-गांव तक पहुंचाने और समाज को जागरूक बनाने में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी अधिकांश योजनाओं का क्रियान्वयन पंचायतों के माध्यम से किया जाता है तथा इनके लिए सरकार द्वारा करोड़ों रुपये का बजट उपलब्ध करवाया जाता है।
उन्होंने कहा कि 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत वर्ष 2026 से 2031 की अवधि के लिए पंचायतों के विकास हेतु 3744 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार जल शक्ति विभाग के सहयोग से पंचायतों के माध्यम से पेयजल योजनाओं के रखरखाव एवं प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंचायतों की अधिकांश सेवाएं अब ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही हैं तथा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने पंचायत विभाग के अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
पठानिया ने पंचायत प्रतिनिधियों को सरकार द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों का पूरा लाभ उठाने की सलाह देते हुए कहा कि प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण पंचायत संचालन के लिए निरंतर सीखना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भविष्य में पंचायत प्रतिनिधियों के लिए अंतर-जिला एवं अंतर-राज्यीय अध्ययन एवं एक्सपोजर भ्रमण भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि वे अन्य क्षेत्रों के सफल विकास मॉडल का अध्ययन कर अपने क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने लाहौल-स्पीति की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले की 17 पंचायतों का निर्विरोध निर्वाचन लोकतंत्र के प्रति जनता की परिपक्वता और सामाजिक सौहार्द का परिचायक है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा निर्विरोध चुनी गई पंचायतों को विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का प्रावधान किया गया है।
समारोह में उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना, जिला कांग्रेस समिति अध्यक्ष दोरजे लहरजे, खंड विकास अधिकारी विवेक गुलेरिया, जिले के सभी पंचायत प्रधान एवं उप-प्रधान, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।