दिल्ली सरकार का यमुना सफाई मिशन जनता की भागीदारी से ही सफल होगा : प्रवेश वर्मा
5 Dariya News
नई दिल्ली 15-Jun-2026
दिल्ली की भाजपा सरकार के सामने सबड़ी बड़ी चुनौती यमुना की सफाई है क्योंकि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा के चुनावी एजेंडे में यमुना की सफाई भी एक महत्वपूर्ण प्वाइंट था। हालांकि, दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लगातार यमुना की सफाई को लेकर युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। मंत्री प्रवेश वर्मा का मानना है कि सरकार का मिशन तब तक सफल नहीं हो सकता है, जब तक दिल्ली की जनता जागरूक न हो जाए।
उन्होंने कहा कि अगर जनता जागरूक होकर सड़कों पर कूड़ा फेंकना बंद करे और अन्य लोगों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़े तो दिल्ली 90 फीसदी साफ हो जाएगी। सोमवार को मंत्री प्रवेश वर्मा ने शास्त्री नगर में स्थित केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन किया। मीडिया से बातचीत के दौरान यमुना सफाई को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि 14 जून को यमुना नदी की सफाई का अभियान नहीं चलाया गया था।
यह केवल यमुना घाटों की सफाई का अभियान था। यमुना नदी की सफाई तो पहले दिन से ही लगातार चल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अभी भी लाखों घरों में सीवर कनेक्शन नहीं है। मैं दिल्लीवासियों से अपील करता हूं कि वे अपने घरों में सीवर कनेक्शन अवश्य लें। दिल्ली जल बोर्ड सीवर लाइन बिछाने का काम तेजी से कर रहा है।
सीवर का पानी प्लांट में जाकर ट्रीट हो सके, इसके लिए हर घर का कनेक्शन जरूरी है। आम आदमी पार्टी का जिक्र करते हुए मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि आप पार्टी सिर्फ कीचड़ उछालना जानती है। मैं दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि रविवार को 16 हजार लोगों ने धूप में पसीना बहाकर यमुना घाटों को साफ किया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों में जागरूकता आएगी और वे कूड़ा नहीं फैलाएंगे तो 90 प्रतिशत काम तो अपने आप हो जाएगा। केवल सरकार के प्रयासों से कुछ नहीं होगा। हमारा मिशन तभी सफल होगा जब जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। मंत्री ने दिल्ली की जनता से अपील करते हुए कहा, “सीवर लाइन का कनेक्शन लें।
तीन साल बाद यमुना किनारे आएंगे तो आपको जमीन-आसमान का अंतर दिखाई देगा।” मानसून की तैयारियों पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि मानसून से पहले दिल्ली सरकार कई सालों से कंट्रोल रूम चला रही है। आज हम यह देखने आए हैं कि सभी तैयारियां ठीक हैं या नहीं। हमारे साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं। पिछली बार दिल्ली में बाढ़ की स्थिति बहुत कम रही थी।
हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि 2023 जैसी स्थिति दोबारा न बने। इसके लिए सभी विभाग, प्रशासन, डीएम और सचिव लगातार हर इंतजाम पर नजर रख रहे हैं। रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि हमारी नई बोरवेल पॉलिसी लागू की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब बोरवेल की मंजूरी सिर्फ उन्हीं घरों को दी जाएगी जिन्होंने रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगा रखा है।
मॉनसून आने वाला है। हमें बारिश के पानी को जमीन के अंदर पहुंचाना होगा ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सके। यह विज्ञान का बहुत आसान कॉन्सेप्ट है। हमने सरकारी भवनों को टारगेट लिया है। सभी से अपील है कि रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाएं। दिल्ली के सारे रेड जोन में पानी हजार फीट से नीचे चला गया है। अब चुनौती रेड जोन को ग्रीन जोन में बदलने की है।