5 Dariya News

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ऐतिहासिक, प्रधानमंत्री के विजन को सीएम योगी ने मिशन मोड में किया पूरा : किंजरापु राममोहन नायडू

5 Dariya News

ग्रेटर नोएडा 15-Jun-2026

उत्तर प्रदेश के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को औपचारिक रूप से उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने इस मौके को ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन का परिणाम है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने पत्रकारों से कहा, "आज बहुत खुशी का दिन है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली नागरिक फ्लाइट शुरू होने जा रही है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि जिन किसानों ने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपना योगदान दिया, वे सभी आज पहली उड़ान से लखनऊ जा रहे हैं। वहां पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनका विशेष संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है।" उन्होंने कहा, "यह हम सभी के लिए बेहद गर्व का क्षण है।

लंबे समय से इस प्रोजेक्ट का इंतजार था और आज वह दिन आ गया है। जिन किसानों ने इस परियोजना में अपनी भूमि और समर्थन दिया, मैं उन सभी को हृदय से धन्यवाद देता हूं।" नायडू ने कहा, "नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रधानमंत्री मोदी का विजन था। उन्होंने सोचा कि इस क्षेत्र में विश्व स्तर का एयरपोर्ट होना चाहिए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे मिशन मोड में पूरा किया।

स्थानीय नेताओं ने भी किसानों को जागरूक किया कि एयरपोर्ट बनने से न सिर्फ रोजगार बढ़ेंगे, बल्कि युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। जहां भी एयरपोर्ट बनते हैं, वहां हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होते हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को डोमेस्टिक और इंटरनेशनल उड़ानों का प्रमुख हब बनाया जाएगा।

यह एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल होगा।" एयरपोर्ट विस्तार के बारे में बात करते हुए कहा, "शुरुआती चरण में एयरपोर्ट सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालेगा। आगे टर्मिनल का विस्तार किया जाएगा। फेज-4 तक इसकी वार्षिक क्षमता 7 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाई जाएगी। देश के अन्य बड़े एयरपोर्ट्स के साथ इसका बेहतर कनेक्टिविटी नेटवर्क विकसित किया जाएगा।"