मुख्यमंत्री मावां-धीयां सम्मान योजना : कुलजीत सिंह रंधावा ने महिला सम्मान सखियों से पंजीकरण अभियान में तेजी लाने की अपील की
जीरकपुर में सम्मान सखियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को किया संबोधित
5 Dariya News
जीरकपुर 14-Jun-2026
पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी योजना “मुख्यमंत्री मावां-धीयां सम्मान योजना” के तहत अधिक से अधिक पात्र महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए हलका विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा ने जीरकपुर में चल रहे महिला सम्मान सखियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेते हुए उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया में और तेजी लाने का आह्वान किया। विधायक रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा 1 जुलाई से योजना के लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि हलका डेराबस्सी की कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को प्रति माह 1000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विधायक रंधावा ने महिला सम्मान सखियों को घर-घर जाकर पात्र महिलाओं का पंजीकरण करने, आधार कार्ड लिंक करवाने, बैंक खातों की जानकारी अपडेट करवाने, मतदाता पहचान पत्र की पुष्टि करवाने तथा आवश्यक दस्तावेज तैयार करवाने में सहायता करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सम्मान सखियां इस योजना को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
विधायक रंधावा ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक मजबूती के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनके सम्मान और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देगी।
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की सभी पात्र महिलाएं, जिनके पास वैध आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र है, इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। उन्होंने सम्मान सखियों को आश्वस्त किया कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।