राज्य में 100 फीसदी लोगों का आधार कार्ड बन चुका है : सीएम हिमंता बिस्वा सरमा
5 Dariya News
गुवाहाटी (असम) 13-Jun-2026
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने जोरहाट में तकनीकी खराबी के कारण एक ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट से जुड़ी घटना पर अपनी बात रखी। उन्होंने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हम इस घटना को लेकर विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, तभी जाकर किसी सार्थक नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा। साथ ही, उन्होंने आधार कार्ड को लेकर सख्त रुख अख्तियार करते हुए कहा कि हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि इसका अनुचित उपयोग न हो।
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के मुताबिक, राज्य में 100 फीसदी लोगों का आधार कार्ड बन चुका है। इसके बावजूद अगर आधार कार्ड को प्रशासन की तरफ से जारी किया जा रहा है, तो हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर कहां पर खामी आ रही है? मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि असम में सभी लोगों का आधार कार्ड बन चुका है।
उन्होंने कहा कि हमारी तरफ से यह आदेश दिया गया है कि 18 साल या उससे अधिक की आयु के किसी भी व्यक्ति का आधार कार्ड नहीं बनाया जाए। सिर्फ 18 साल से कम उम्र के व्यक्ति का हर आधार कार्ड बनाया जाए। यह फैसला मुख्य रूप से राज्य में अवैध नागरिकों को रोकने के मकसद से लिया गया है। हमें पूरा विश्वास है कि आगामी दिनों में इसके सकारात्मक नतीजे देखने को मिलेंगे।
उनके मुताबिक, अगर कोई पात्र व्यक्ति है और सही मायने में उसे आधार कार्ड की जरूरत है, तो सबसे पहले डिप्टी कमिश्नर लेवर की तरफ से इसकी सहमति लेनी होगी। जब डिप्टी कमिश्नर लेवल की तरफ से अनुमति मिल जाएगी, तभी उसका आधार कार्ड बना दिया जाएगा। इस दौरान किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने अफस्पा को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अभी पूर्वोत्तर के सिर्फ दो ही राज्यों में अफस्पा प्रभावी है। उसे वापस ले लिया जाएगा। यह कोई बहुत बड़ी समस्या नहीं है।