आप की उम्मीद से पहले ही उलटी गिनती शुरू हो चुकी है : अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग
कहा: केजरीवाल दिन में ही भगवंत मान के दोबारा चुने जाने के सपने देख रहे हैं
5 Dariya News
चंडीगढ़ 13-Jun-2026
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार की उलटी गिनती उम्मीद से पहले ही शुरू हो चुकी है और कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में आप दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी। उन्होंने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिन में ही भगवंत मान के दोबारा मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं, जबकि पंजाब के लोग इस सरकार से पहले ही तंग आ चुके हैं और जितनी जल्दी हो सके इससे छुटकारा पाना चाहते हैं।
वड़िंग ने एक बार फिर दोहराया कि आप नेतृत्व पंजाब में दोबारा सरकार बनाने के ख्याली पुलाव पका रहा है। उन्होंने कहा कि आप मुझसे लिखवा लें कि सरकार बनाने की बात तो दूर, इस बार आप दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी और हो सकता है कि चुनाव लड़ने के लिए उसे पर्याप्त उम्मीदवार भी न मिलें।
इनके आधे से ज्यादा मौजूदा विधायक डूबते जहाज से छलांग लगाने के लिए सही समय का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि आप नेतृत्व यह सोचता है कि वह पंजाब के लोगों को एक बार फिर मूर्ख बना लेगा, तो यह उसकी बहुत बड़ी भूल है।
उन्होंने कहा कि आप कुछ लोगों को कुछ समय के लिए, कुछ लोगों को हर समय और सभी लोगों को कुछ समय के लिए मूर्ख बना सकते हैं, लेकिन सभी लोगों को हर समय मूर्ख नहीं बना सकते। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आप पर पंजाब की महिलाओं के साथ 1,000 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने के वादे को लेकर धोखा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जैसा कि केजरीवाल ने स्वयं दावा किया है कि चुनाव इस वर्ष नवंबर में हो सकते हैं, उस हिसाब से आप अब पंजाब की महिलाओं को केवल 3,000 रुपये देगी, जबकि उन्हें 60,000 रुपये मिल जाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि यह सबसे बड़ा धोखा है और आप को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
इसी तरह, वड़िंग ने केजरीवाल के इस दावे पर भी तंज कसा कि उनकी पार्टी ने पंजाब में ईमानदार सरकार दी है। उन्होंने कहा कि इससे यही साबित होता है कि आपको पंजाब की जमीनी हकीकत का कोई एहसास नहीं है, क्योंकि यहां रिश्वत के बिना एक पत्ता भी नहीं हिलता।
उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार के दौरान भ्रष्टाचार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस बात पर हैरानी जताई कि केजरीवाल यह घोषणा कैसे कर सकते हैं कि पंजाब में चुनाव तीन महीने पहले, यानी इसी वर्ष नवंबर में कराए जाएंगे।
उन्होंने सवाल किया कि क्या यह जानकारी भारतीय चुनाव आयोग की ओर से नहीं आनी चाहिए थी? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या केजरीवाल का चुनाव आयोग के साथ कोई “सीधा संपर्क” है, जैसा कि उनकी ए-टीम भाजपा के बारे में कहा जाता है।