खरड़ शहर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मास डेंगू सर्वे
लोगों को डेंगू से बचाव के लिए किया जागरूक
5 Dariya News
खरड़ 11-Jun-2026
पंजाब सरकार एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुसार डेंगू की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन के नेतृत्व में खरड़ शहर में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा मास डेंगू सर्वे किया गया। इस दौरान घर-घर जाकर डेंगू मच्छर के लार्वा की जांच की गई तथा लोगों को डेंगू से बचाव संबंधी जानकारी दी गई।
सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रीत मोहन सिंह खुराना ने कहा कि डेंगू की रोकथाम के लिए लोगों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डेंगू का मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र में पानी जमा न होने दे। उन्होंने लोगों से सप्ताह में एक दिन “ड्राई डे” मनाने, कूलरों तथा अन्य पानी के बर्तनों की नियमित सफाई करने और बुखार आने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करने की अपील की।
सर्वे के दौरान स्वास्थ्य सुपरवाइजर दविंदर सिंह और अवतार सिंह के नेतृत्व में मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर मनप्रीत सिंह, बलजिंदर सिंह, जगदीप सिंह, गुरबचन सिंह और रोहित कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों ने घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया। टीमों ने संभावित डेंगू प्रजनन स्थलों की पहचान की और लोगों को मच्छरों की उत्पत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि वे डेंगू मुक्त खरड़ बनाने में विभाग का सहयोग करें तथा अपने आसपास स्वच्छता और स्वस्थ वातावरण बनाए रखें।