5 Dariya News

पंजाब सरकार करवा रही गांवों का संपूर्ण विकास : डॉ. ईशांक कुमार

संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी को जाने वाली सड़क के नवीनीकरण पर 34.83 लाख रुपये खर्च

5 Dariya News

होशियारपुर/चब्बेवाल 11-Jun-2026

पंजाब सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में गांवों और शहरों के संपूर्ण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत विधानसभा क्षेत्र चब्बेवाल में भी विकास कार्यों की गति लगातार तेज हो रही है। यह बात आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने गांव अहिराणा कलां में विकास कार्यों का जायजा लेने के दौरान कही। 

विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने बताया कि होशियारपुर-फगवाड़ा रोड से संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी, गांव खियाला को गांव अहिराणा कलां के रास्ते जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के नवीनीकरण पर पंजाब सरकार द्वारा 34.83 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों और यूनिवर्सिटी आने-जाने वाले हजारों विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। 

सड़क के नवीनीकरण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि लोगों का समय और खर्च भी बचेगा। उन्होंने कहा कि पिछले समय में कई गांव विकास के मामले में पीछे रह गए थे, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने सत्ता संभालने के बाद गांवों के विकास को प्राथमिकता दी है और प्रत्येक गांव में लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

डॉ. ईशांक कुमार ने बताया कि गांव अहिराणा कलां में विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 21 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। इस राशि से गांव के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और गांव की संपूर्ण तस्वीर बदलने के लिए कई कार्य किए गए हैं। 

उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही राज्य के विकास की नींव है और पंजाब सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चब्बेवाल क्षेत्र में विकास की नई कहानी लिखी जा रही है। 

क्षेत्र के प्रत्येक गांव और शहर में सड़कों, गलियों, नालियों, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रोजेक्ट चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि हर घोषणा को जमीनी स्तर पर लागू करके उसका लाभ लोगों तक पहुंचाना है।

डॉ. ईशांक कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी उतर रही है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि चब्बेवाल क्षेत्र के संपूर्ण विकास के लिए कई अन्य प्रोजेक्ट भी प्रक्रिया में हैं, जिन्हें जल्द ही लोगों को समर्पित किया जाएगा।